Breaking News

बिसौली: इनरव्हील क्लब ने वृद्धाश्रम में बिखेरी प्रेम की महक, बुजुर्गों की सेवा कर पेश की मानवता की मिसाल।

इनरव्हील क्लब ने वृद्धाश्रम में बिखेरी प्रेम की महक, बुजुर्गों की सेवा कर पेश की मानवता की मिसाल।

आई एम खान 

बिसौली। स्थानीय इनरव्हील क्लब की सदस्यों ने सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ अपना समय साझा किया। प्रेम और करुणा की भावना से ओतप्रोत इस भेंट के दौरान क्लब की सदस्यों ने न केवल बुजुर्गों का हाल-चाल जाना, बल्कि उन्हें अपनेपन का अहसास कराते हुए अपने हाथों से भोजन भी कराया। इस अवसर पर क्लब की ओर से बुजुर्गों की दैनिक जरूरतों का ख्याल रखते हुए उन्हें दवाइयां, ताजे फल, वस्त्र और राशन जैसी आवश्यक सामग्री भी भेंट की गई।

कार्यक्रम के दौरान क्लब की वरिष्ठ सदस्य डॉक्टर सुविधा माहेश्वरी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि क्लब का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंदों और वरिष्ठ नागरिकों की सेवा करना है, जिसके लिए समय-समय पर इस तरह के सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाते रहते हैं। वहीं भारती अग्रवाल ने जोर देते हुए कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की धरोहर हैं और उनका सम्मान व उचित देखभाल करना हर जिम्मेदार नागरिक का परम कर्तव्य है। वृद्धाश्रम में बिताए गए इन पलों के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर आई मुस्कान ने सदस्यों को भावुक कर दिया।

सेवा के इस पुनीत कार्य में क्लब की ओर से डॉक्टर सुविधा माहेश्वरी, भारती अग्रवाल, नमिता गर्ग, दिव्या मित्तल, प्रतिभा अग्रवाल, अर्चना वार्ष्णेय, संगीता रस्तोगी, नीरू अग्रवाल, मधु शर्मा और कृष्णा गुप्ता सहित तमाम सदस्य मौजूद रहीं। सभी ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार बुजुर्गों के सम्मान और समाज सेवा के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाती रहेंगी।

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!