Breaking News

शाहजहांपुर: मेहनत और संकल्प से ही तय होता है भविष्य का रास्ता: वित्त मंत्री।

मेहनत और संकल्प से ही तय होता है भविष्य का रास्ता: वित्त मंत्री।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर। विद्यार्थियों को परिश्रम और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि हर छात्र अपने कर्मों के बल पर अपना भविष्य स्वयं गढ़ सकता है। जो भी प्रयास ईमानदारी से किए जाते हैं, उनका फल अवश्य मिलता है।

वित्त मंत्री शनिवार को स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में आयोजित एक गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प कभी व्यर्थ नहीं जाता। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज का राज्य विश्वविद्यालय के रूप में उच्चीकरण इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने इसे जनपद के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया।

इस अवसर पर मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय बनने के बाद अब इसकी जिम्मेदारी जनपद के नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों की है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर शाहजहांपुर को एक सशक्त शैक्षिक केंद्र के रूप में विकसित करना होगा, जिससे यहां से निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र की चुनौतियों का सामना कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के संकाय प्रभारियों द्वारा वित्त मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। गोष्ठी से पूर्व वित्त मंत्री ने मुमुक्षु शिक्षा संकुल की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं का भ्रमण किया। उन्होंने पुस्तकालय, वाचनालय, क्रीड़ा स्थल और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया तथा श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ के नवीन भवन का उद्घाटन भी किया।

प्रबंध समिति के सचिव प्रो. अवनीश मिश्र ने मंत्री को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। एस.एस. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आर.के. आज़ाद ने स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि विधि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जयशंकर ओझा ने प्रगति आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन उपप्राचार्य प्रो. अनुराग अग्रवाल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य प्रो. आर.के. आज़ाद ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. कविता भटनागर, अशोक अग्रवाल, सुरेश सिंघल, डॉ. अमीर सिंह यादव, प्रो. आलोक मिश्र, प्रो. प्रभात शुक्ला, प्रो. देवेंद्र सिंह, प्रो. मधुकर श्याम शुक्ला, प्रो. कमलेश गौतम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!