Breaking News

बहेड़ी: गणतंत्र दिवस पर बहेड़ी में किसान एकता का प्रदर्शन, भाकियू टिकैत ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा रैली।

गणतंत्र दिवस पर बहेड़ी में किसान एकता का प्रदर्शन, भाकियू टिकैत ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा रैली।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बहेड़ी (बरेली)। 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर तहसील बहेड़ी में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा भव्य ट्रैक्टर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में सैकड़ों ट्रैक्टर, चार पहिया वाहन तथा हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए। तिरंगे से सजे वाहनों के साथ निकली इस रैली ने देशभक्ति और किसान एकजुटता का संदेश दिया।

ट्रैक्टर रैली की शुरुआत वन विभाग परिसर से हुई, जो नगर के मुख्य बाजार से होते हुए नैनीताल रोड मार्ग पर चलकर किसान भवन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान देशभक्ति के नारे गूंजते रहे और किसानों में उत्साह देखते ही बन रहा था।

वरिष्ठ किसान नेता रवि ढाका ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ है और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस प्रकार की तिरंगा यात्रा किसानों की एकता, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम को दर्शाती है।

इस मौके पर यूपी–उत्तराखंड तराई प्रदेश सचिव दानिश बाबा ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता का महत्व समझाता है। उन्होंने कहा कि किसान देश की नींव है और जब तक किसान मजबूत रहेगा, देश भी सशक्त रहेगा। तिरंगे के सम्मान में निकाली गई यह ट्रैक्टर रैली किसानों की एकजुटता, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। भारतीय किसान यूनियन लोकतांत्रिक तरीके से किसानों के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करती रहेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव चौधरी जगत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता चौधरी सुरेंद्र सिंह, प्रदेश सचिव धीरेंद्र सिंह राठी, जिला महासचिव यामीन मलिक, संगठन मंत्री विजय पाल सिंह, तहसील अध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान नेता, पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने ट्रैक्टर तिरंगा रैली को सफल बनाने वाले सभी किसानों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!