Breaking News

सेमीखेड़ा चीनी मिल में मजदूर की संदिग्ध मौत, सस्पेंस बरकरार।

सेमीखेड़ा चीनी मिल में मजदूर की संदिग्ध मौत, सस्पेंस बरकरार।

पोस्टमार्टम में नाले में डूबने से मौत की पुष्टि, परिजन अब भी मौन।

हादसे के लिए मिल प्रबंधन को ठहराया जिम्मेदार, तहरीर न देने से जांच अधर में।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। कोतवाली देवरनियां क्षेत्र के कस्बा सेमीखेड़ा स्थित जिले की एकमात्र किसान सहकारी चीनी मिल में गुरुवार रात एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तक रहस्य बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण नाले में डूबना बताया गया है, लेकिन घटना के हालात को लेकर कई सवाल अब भी बने हुए हैं।

सेमीखेड़ा निवासी रामनाथ का 30 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार किसान सहकारी चीनी मिल में मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार अरुण बीते करीब पांच दिनों से एक ठेकेदार के अधीन मिल में कार्यरत था। गुरुवार रात लगभग 11 बजे ड्यूटी के दौरान उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के परिजनों ने प्रारंभिक तौर पर अरुण की मौत के लिए मिल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए लापरवाही के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। हालांकि, शनिवार देर शाम तक परिजनों की ओर से कोतवाली देवरनियां में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई, जिससे पुलिस जांच आगे नहीं बढ़ सकी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अरुण की मौत नाले में डूबने से होना स्पष्ट किया गया है, लेकिन यह सवाल अब भी कायम है कि वह नाले तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। तहरीर के अभाव में पुलिस फिलहाल केवल प्रारंभिक जानकारी के आधार पर ही कार्रवाई कर रही है।

इस संबंध में कोतवाली देवरनियां के एसएसआई नवदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना सामने आया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मिल परिसर में मजदूर की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अब परिजनों की ओर से तहरीर दिए जाने के बाद ही मामले की विस्तृत जांच और सच्चाई सामने आ सकेगी।

फाइल फोटो 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!