Breaking News

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम।

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम।

चहनियां (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में शुक्रवार देर रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मोलनापुर के समीप हुई इस घटना में मृतक की पहचान कैथी गांव सभा के भगवानपुर निवासी आनन्द यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि आनन्द यादव बगल के गांव पहाड़पुर निवासी सुड्डू यादव के साथ ट्रैक्टर से विजयीपुर मजदूरों को छोड़ने गए थे। मजदूरों को छोड़ने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी मोलनापुर में सत्ती माता के पास ट्रैक्टर के बोनट पर बैठे आनन्द यादव अचानक नीचे गिर पड़े और चालक की कथित लापरवाही से ट्रैक्टर से कुचलकर उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया। आरोप है कि उसने ट्रैक्टर को घर पर खड़ा कर टायर में लगे खून के निशान भी धो दिए। घटना की सूचना पर बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

देर रात पुलिस के माध्यम से मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में हाहाकार मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी संगीता देवी, ढाई वर्ष की पुत्री आकृति और एक वर्षीय पुत्र कृष्णा हैं। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही पिता राजेश यादव, मां सरोज देवी, पत्नी और छोटे भाई घनश्याम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को चहनियां चौराहे पर रखकर कुछ देर के लिए वाहनों को रोकने का प्रयास किया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। ट्रैक्टर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

संवाददाता: राजन सिंह

सहयोगी संवाददाता: जयशंकर मिश्र

फाइल फोटो 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!