Breaking News

मेयर पुत्र के विवाह समारोह में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, एसआईआर विवाद पर विपक्ष को घेरा।

मेयर पुत्र के विवाह समारोह में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, एसआईआर विवाद पर विपक्ष को घेरा।

मोहम्मद वसीम

बरेली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मंगलवार को बरेली पहुंचे, जहाँ उन्होंने मेयर उमेश गौतम के बेटे पार्थ गौतम के विवाह समारोह में शामिल होकर शुभकामनाएँ दीं। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर), बीएलओ की मौतों और पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद के नाम पर कथित शिलान्यास को लेकर विपक्ष पर तीखे तेवर दिखाए।

एसआईआर को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यह पूरी तरह संवैधानिक और नियमित प्रक्रिया है, जिसे भारत निर्वाचन आयोग पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित कर रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे जनता के बीच गलतफहमियाँ फैलाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि हर वर्ष मतदाता सूची का पुनरीक्षण होता है, लेकिन लगभग दो दशकों बाद इस बार विशेष अभियान के रूप में एसआईआर चलाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब चुनावी नतीजे उनके अनुकूल नहीं आते, तो वे संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर उंगली उठाने लगते हैं।

बिहार का उदाहरण देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वहाँ एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई, और किसी भी राजनीतिक दल ने औपचारिक आपत्ति दर्ज नहीं कराई। इसके बाद चुनाव भी शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। उन्होंने कहा कि नतीजे आने के बाद प्रक्रिया पर प्रश्न उठाना जनता के निर्णय को चुनौती देने जैसा है।

पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद द्वारा बाबरी मस्जिद के नाम पर कथित शिलान्यास की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएँ देश की शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए हानिकारक हैं। उनका कहना था कि बाबर का युग इतिहास का हिस्सा है, लेकिन उसके नाम पर राजनीति करना समाज में फूट डालने की सोची-समझी कोशिश है।

उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। साथ ही भरोसा जताया कि पश्चिम बंगाल सरकार समय पर उचित कार्रवाई करेगी ताकि प्रदेश में अमन और आपसी सौहार्द बना रहे।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!