Breaking News

प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश।

प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश।

सनोज कुमार, संवाददाता 

उन्नाव। जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा हेतु आज विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन मंत्री तथा प्रभारी मंत्री उन्नाव श्री धर्मपाल सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम में सांसद डॉ. सचिदानंद हरि साक्षी (साक्षी महाराज) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने किसानों को खाद और बीज वितरण, विद्युत आपूर्ति, बाढ़ से प्रभावित फसलों और सड़कों की मरम्मत, गौशालाओं के रखरखाव, तथा गंभीर अपराधों की रोकथाम जैसे विषयों पर विस्तार से समीक्षा की।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आवंटित बजट का सत प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता और बीज वितरण समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नतशील और अधिक उत्पादक प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराए जाएं और जैविक खेती तथा कंपोस्ट खाद के प्रति जागरूक किया जाए। इस पर जिलाधिकारी गौरंग राठी ने मंत्री को अवगत कराया कि जनपद में नकली खाद के विरुद्ध कार्रवाई की गई है तथा किसानों को डीएपी और एनपीके खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जा रही है।

मंत्री ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि गौशालाओं की व्यवस्था सुदृढ़ रहे, बीमार पशुओं का उपचार समय से हो और देसी नस्ल की गायों के संरक्षण व नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किए जाएं।

जिला पूर्ति अधिकारी को खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और निलंबित दुकानों के स्थान पर नई दुकानों के आवंटन के निर्देश दिए। मंत्री ने नकली दूध व खोया पर रोकथाम के लिए अभियान चलाने को कहा।

विद्युत विभाग को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित समयानुसार बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर का शीघ्र प्रतिस्थापन और लाइन लॉस में कमी लाने के निर्देश मिले। वहीं, नलकूप और सिंचाई विभाग को फसलों की सिंचाई में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने का निर्देश दिया गया।

जल निगम को ‘हर घर जल योजना’ की गति बढ़ाने और पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समय से कराने को कहा गया। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामों में साफ-सफाई नियमित रखने, जलभराव रोकने और तालाबों के संरक्षण की हिदायत दी गई।

नगर पालिका उन्नाव को शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और कान्हा गौशाला की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और नि:शुल्क दवा वितरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण की जानकारी दी, जिस पर मंत्री ने जनपद में चोरी, लूट, हत्या और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने तहसील पुरवा और हसनगंज को सर्वश्रेष्ठ प्रगति के लिए सराहा और जिलाधिकारी गौरंग राठी की प्रशंसा की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृतिराज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड़, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!