Breaking News

खीरी में इलेवन स्टार कप टूर्नामेंट से गूंजा कॉलर ग्राउंड, खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने जीता दर्शकों का दिल।

खीरी में इलेवन स्टार कप टूर्नामेंट से गूंजा कॉलर ग्राउंड, खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने जीता दर्शकों का दिल।

मोहम्मद असलम, संवाददाता 

लखीमपुर खीरी। कस्बा खीरी स्थित कॉलर ग्राउंड में चल रहे इलेवन स्टार कप 2025 स्टेट टूर्नामेंट का तीसरा दिन शुक्रवार को उत्साह और रोमांच से भरपूर रहा। ओलंपिक संघ उत्तर प्रदेश से मान्यता प्राप्त इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश की कई प्रमुख टीमें भाग ले रही हैं।

शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में हरदोई और जहानाबाद की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर हरदोई ने जहानाबाद को 2–0 से पराजित किया। वहीं दूसरे मैच में गोला और शाहजहांपुर की टीमों के बीच हुई भिड़ंत में गोला ने 2–1 से जीत हासिल की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों मोहम्मद अरसलान, सईद मिर्जा, जकी रिज़वी तथा चेयरपर्सन प्रतिनिधि के भाई अतीक अहमद उर्फ बाबा द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने की प्रेरणा दी।

मैदान में उपस्थित सैकड़ों दर्शकों ने दोनों मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दर्शकदीर्घा में बच्चों और युवाओं की भारी उपस्थिति रही, जिन्होंने हर गोल और शानदार खेल पर तालियों की गड़गड़ाहट से मैदान गूंजा दिया।

टूर्नामेंट आयोजन समिति के अध्यक्ष हाजी अब्दुल जलील खान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान करना है, ताकि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की प्रतिभाएं आगे बढ़ सकें।

मैचों में निर्णायक की भूमिका वकील खान ने निभाई। पूरे दिन मैदान पर खेल भावना और अनुशासन का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला।

आयोजन में नगर पंचायत खीरी का विशेष योगदान रहा। कॉलर ग्राउंड की सफाई, मैदान की तैयारी और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था नगर पंचायत की ओर से की गई, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को अनुकूल वातावरण मिला।

आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। लगातार हो रहे मैचों से कस्बे में खेल का उत्सव-सा माहौल बन गया है और स्थानीय खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!