Breaking News

चंदौली: टूटा पटिया बना हादसों का गढ़, रोजाना घायल हो रहे राहगीर – जिम्मेदार बने मूकदर्शक।

चंदौली: टूटा पटिया बना हादसों का गढ़, रोजाना घायल हो रहे राहगीर – जिम्मेदार बने मूकदर्शक।

शैलेश सिंह, संवाददाता 

चंदौली। बबुरी कस्बे में मस्जिद के सामने नाले पर बना कंक्रीट का पटिया लंबे समय से टूटा पड़ा है, जिससे आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं। मुख्य मार्ग पर स्थित यह जर्जर पटिया अब लोगों की जान के लिए खतरा बन चुका है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत बार-बार पंचायत और जिम्मेदार अधिकारियों से की गई, लेकिन आज तक किसी ने सुध नहीं ली।

हनुमानगढ़ी मोहल्ले के लोगों ने बताया कि यह मार्ग कस्बे का प्रमुख रास्ता है, जहां से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं। टूटा पटिया खासतौर पर साइकिल और बाइक सवारों के लिए हादसों की वजह बना हुआ है। आए दिन कोई न कोई इसमें गिरकर घायल हो रहा है। बच्चों के लिए भी यह खतरा बना हुआ है। कई छोटे बच्चे खेलते समय गड्ढे में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। हाल ही में दो बाइक सवार युवक गड्ढे में फंसकर बुरी तरह घायल हो गए थे।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत को इस समस्या की जानकारी कई बार दी गई है। लिखित और मौखिक दोनों तरह से शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार लोग आंखें मूंदे बैठे हैं। कस्बा निवासी रवि जायसवाल का कहना है कि पंचायत की उदासीनता अब लोगों के गुस्से को और भड़का रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग से स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और बैंक आने-जाने वाले लोग रोजाना गुजरते हैं। ऐसे में टूटा पटिया कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही पटिया की मरम्मत नहीं की गई तो वे मजबूरन विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

फिलहाल, टूटा पटिया लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है और जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल खड़े कर रहा है।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!