Breaking News

धानापुर में संदिग्ध हालात में 10वीं की छात्रा का शव पेड़ से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी।

धानापुर में संदिग्ध हालात में 10वीं की छात्रा का शव पेड़ से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी।

अमित कुमार ओझा, संवाददाता

चंदौली। जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक किशोरी का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सकरारी गांव के पास कोहड़ा पुलिया के निकट की बताई जा रही है। मृतका की पहचान बंधवापर गांव निवासी पूजा यादव (16) पुत्री राजनरायन यादव के रूप में हुई है, जो इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दे रही थी।

बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह जब कुछ ग्रामीण और राहगीर शौच के लिए गांव के बाहर की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर सीसम के पेड़ से लटके एक शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना धानापुर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ था, लेकिन उसके पैर जमीन से सटे हुए दिखाई दे रहे थे। इस स्थिति को देखकर कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि घटना के पीछे कोई साजिश भी हो सकती है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी इस घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: खेत की जुताई करने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, मचा कोहराम।

बलरामपुर: खेत की जुताई करने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, मचा …

error: Content is protected !!