Breaking News

साधारण परिवार के बेटे ने रचा इतिहास, इंटर में जिले में अव्वल रहा शांतनु। 

साधारण परिवार के बेटे ने रचा इतिहास, इंटर में जिले में अव्वल रहा शांतनु। 

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता

गंजडुंडवारा (कासगंज)। कस्बे के मेधावी छात्र शांतनु भदौरिया ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 90.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सीमित संसाधनों वाले परिवार से आने वाले शांतनु की सफलता उनकी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। उनके पिता दिल्ली में टैक्सी चालक हैं, जबकि माता गृहणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में पूरा सहयोग किया।

शांतनु ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अकबर अली मेमोरियल पब्लिक स्कूल, पिथनपुर से प्राप्त की। इंटरमीडिएट की तैयारी के लिए उन्होंने गंजडुंडवारा स्थित एक शिक्षण संस्थान से मार्गदर्शन लिया और प्रतिदिन लगभग 6 घंटे पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया।

तीन भाइयों में सबसे छोटे शांतनु का सपना सिविल सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना है। वह मूल रूप से गांव नगला डाल, नरथर के निवासी हैं और वर्तमान में गनेशपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।

सफलता की खबर मिलते ही परिवार में उत्सव जैसा माहौल बन गया। परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की, वहीं शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस उपलब्धि पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी और यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव राशिद अली उनके घर पहुंचे और फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया।

शांतनु भदौरिया की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!