Breaking News

शाहजहांपुर: ग्राम प्रधान व सचिव पर शपथ पत्र देकर लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच के लिए डीएम ने बनाई समिति।

ग्राम प्रधान व सचिव पर शपथ पत्र देकर लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच के लिए डीएम ने बनाई समिति।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर: सुभाषनगर कॉलोनी निवासी सौरभ कुमार यादव ने विधिवत शपथ पत्र के माध्यम से ग्राम पंचायत घुसगवां (विकासखंड ददरौल) के निवर्तमान ग्राम प्रधान व प्रशासक राकेश सिंह यादव तथा ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ विभिन्न गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने मुख्य रूप से ग्राम सभा की बैठकें नियमानुसार न आयोजित किए जाने, विकास कार्यों की कार्ययोजना निर्धारित प्रक्रिया के तहत तैयार न करने, छोटे-छोटे एस्टीमेट बनाकर चहेतों को लाभ पहुंचाने और मनरेगा कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं के तमाम बिंदु उठाए हैं।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 के प्रावधानों के तहत मामले की प्रारंभिक जांच हेतु दो सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है। इस जांच समिति में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग (पीएमजीएसवाई) के अधिशासी अभियंता को नामित किया गया है।

जिलाधिकारी ने गठित समिति को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की गहन अभिलेखीय तथा स्थलीय जांच कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जांच प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता का पक्ष अनिवार्य रूप से सुनने और स्थलीय निरीक्षण के दौरान लिए गए फोटोग्राफ्स को भी रिपोर्ट के साथ संलग्न करने के आदेश दिए गए हैं।

प्रशासनिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो उसका तकनीकी मूल्यांकन कराया जाए। साथ ही, दुरुपयोग की गई कुल धनराशि और इसके लिए प्रत्यक्ष तौर पर जिम्मेदार संबंधित कर्मचारी या ग्राम प्रधान का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाए। समिति को सभी साक्ष्यों और अपनी स्पष्ट संस्तुति के साथ जांच रिपोर्ट की दो प्रतियां निर्धारित समयावधि के भीतर जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है।

 

 

Spread the love

Check Also

मंडलायुक्त ने बदायूँ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, स्थिति नियंत्रण में होने का दिया भरोसा।

मंडलायुक्त ने बदायूँ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, स्थिति नियंत्रण में होने का …