Breaking News

कैश वैन हादसे के बाद बैंक प्रबंधक ने जताई सुरक्षा की चिंता, पुलिस को दी तहरीर

कैश वैन हादसे के बाद बैंक प्रबंधक ने जताई सुरक्षा की चिंता, पुलिस को दी तहरीर।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। कैश वैन हादसे के अगले दिन भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बहेड़ी शाखा में पहुंचे चार अज्ञात लोगों के खिलाफ शाखा प्रबंधक ने पुलिस से शिकायत की है। शाखा प्रबंधक विनीत कुमार ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने उनके साथ अभद्रता की, धमकी दी और समझौते के नाम पर रुपये मांगे। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

शाखा प्रबंधक की तहरीर के अनुसार, 27 अक्टूबर को बरेली रोड स्थित साई सुधा बैंक्वेट हॉल के पास कैश वैन की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई थी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों के घायल होने की बात कही गई है। घटना की सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और नकदी की सुरक्षा के संबंध में पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद कैश वैन को पूरनपुर स्थित करेंसी चेस्ट के लिए रवाना कर दिया गया।

तहरीर के मुताबिक, 28 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे चार अज्ञात व्यक्ति बैंक पहुंचे और शाखा प्रबंधक के कक्ष में हादसे को लेकर बातचीत की। प्रबंधक का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकी दी गई। शिकायत में कैश वैन में आग लगाने की बात कहने, समझौते के नाम पर रुपये मांगने और उन्हें बहेड़ी से गायब करने की धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है।

शाखा प्रबंधक ने पुलिस से संबंधित लोगों की पहचान कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा मुहैया कराने का अनुरोध किया है। फिलहाल, तहरीर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Spread the love

Check Also

युवा उद्योगपति शुभम गर्ग व बरखा अग्रवाल ने दी करवाचौथ की शुभकामनाएं।

युवा उद्योगपति शुभम गर्ग व बरखा अग्रवाल ने दी करवाचौथ की शुभकामनाएं। आई एम खान  …