Breaking News

सहसवान: प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि मिलने पर दबंगों ने मांगी रंगदारी, कोर्ट का फैसला दरकिनार कर महिला को धमकाया।

प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि मिलने पर दबंगों ने मांगी रंगदारी, कोर्ट का फैसला दरकिनार कर महिला को धमकाया।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य

सहसवान, बदायूं। प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) का लाभ पाना मोहल्ला दहलीज निवासी एक गरीब महिला के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। योजना के तहत मिली पहली किस्त के बाद दबंगों ने न केवल महिला के मकान का निर्माण रुकवा दिया, बल्कि उससे अवैध रूप से आधी राशि की रंगदारी भी मांगी जा रही है। पीड़ित महिला ने अब उपजिलाधिकारी (SDM) से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता तरन्नुम पत्नी असद के अनुसार, उन्हें आवास निर्माण के लिए एक लाख रुपये की पहली किस्त प्राप्त हुई थी। जैसे ही उन्होंने मकान का निर्माण कार्य शुरू किया, मोहल्ले के कुछ दबंगों ने काम बंद करवा दिया। आरोपियों का कहना है कि यदि उन्हें निर्माण राशि का आधा हिस्सा नहीं दिया गया, तो वे मकान नहीं बनने देंगे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि धमकियों के कारण वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

हैरानी की बात यह है कि इस जमीन पर आरोपियों का कोई कानूनी हक नहीं है। सिविल जज जूनियर डिवीजन, सहसवान की अदालत में मुकदमा संख्या 94/1991 के तहत 28 जुलाई 2005 को ही फैसला वादी मसर्रत हुसैन के हक में आ चुका है। उस दौरान अनवर अली ने अदालत में लिखित रूप से इस संपत्ति पर अपना दावा छोड़ दिया था। 19 साल पुराने इस अदालती आदेश के बावजूद, आरोपी अब सरकारी योजना की राशि में हिस्सा मांगकर जबरन वसूली कर रहे हैं।

पीड़िता का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें पुलिस जांच के दौरान आरोप सही पाए गए थे। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उनके हौसले और बुलंद हो गए हैं।

शनिवार को पीड़िता ने उपजिलाधिकारी सहसवान और मुख्यमंत्री पोर्टल (IGRS) पर प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर रंगदारी मांगने और सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही, उन्होंने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए पुलिस सुरक्षा में अपना मकान बनवाने की गुहार लगाई है ताकि भविष्य में उन्हें कोई धमका न सके। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!