Breaking News

रोहितास पाल हत्याकांड का पर्दाफाश: तीन शातिर गिरफ्तार, शूटर की तलाश तेज।

रोहितास पाल हत्याकांड का पर्दाफाश: तीन शातिर गिरफ्तार, शूटर की तलाश तेज।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

चंदौली। मुगलसराय कस्बे में दवा व्यवसायी रोहितास पाल उर्फ रोमी पाल की गोली मारकर हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि वारदात को अंजाम देने वाला शूटर अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कुल नौ टीमें गठित की गई हैं।

घटना 18 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। रोहितास पाल रोज की तरह धर्मशाला रोड स्थित पापुलर मेडिकल स्टोर बंद कर घर जाने की तैयारी में थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले आनंद अस्पताल ले जाया गया, फिर मेटिस हॉस्पिटल और अंत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सिद्धार्थ पाल ने थाने में हत्या की तहरीर दी थी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ओमप्रकाश जायसवाल, मनोज कुमार जायसवाल और भानू जायसवाल को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि हत्या की जड़ में कन्हैया टाकीज क्षेत्र की पैतृक जमीन को लेकर चल रहा विवाद था। बताया गया कि मृतक के दादा राजाराम की संपत्ति पर कुछ महिलाओं ने कथित रूप से फर्जी तरीके से अपना नाम दर्ज करवाकर कम कीमत में वह जमीन भानू जायसवाल को बेच दी थी। भानू जायसवाल उस जमीन पर कब्जा लेना चाहता था, लेकिन रोहितास पाल लगातार इसका विरोध कर रहे थे और अदालत में बैनामा निरस्तीकरण के लिए मुकदमा भी कर रखा था।

कई बार विरोध का सामना करने के बाद भानू जायसवाल ने स्थानीय लोगों ओमप्रकाश और मनोज से संपर्क किया। जमीन के विवाद में डराने-धमकाने के प्रयास भी किए गए, लेकिन रोहितास पाल हर बार इसका विरोध करते रहे। इसी रंजिश के चलते तीनों ने मिलकर रोहितास पाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और एक शूटर को हत्या करने भेजा।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। शूटर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!