Breaking News

बदायूं में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी: ईवीएम और वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया शुरू, 21 सितंबर तक चलेगी जांच।

बदायूं में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी: ईवीएम और वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया शुरू, 21 सितंबर तक चलेगी जांच।

बदायूं: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) का काम कलेक्ट्रेट स्थित वेयरहाउस में शुरू हो चुका है। यह प्रक्रिया 2 सितंबर से शुरू होकर आगामी 21 सितंबर 2026 तक चलेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अवनीश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव से पहले मशीनों की गुणवत्ता और कार्यशीलता परखने के लिए यह जांच अनिवार्य रूप से कराई जाती है। इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) की अधिकृत इंजीनियरों की टीम जिला प्रशासन की निगरानी में इन मशीनों का परीक्षण कर रही है। केवल एफएलसी प्रक्रिया में पूरी तरह सफल पाई जाने वाली मशीनों का ही उपयोग आगामी चुनावों में किया जाएगा।

राजनीतिक दलों की मौजूदगी में हो रही निगरानी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला मुख्यालय स्थित राष्ट्रीय एवं राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को 29 अगस्त को ही लिखित रूप से पत्र भेजकर अपने प्रतिनिधियों को इस जांच प्रक्रिया के अवलोकन हेतु अधिकृत करने का अनुरोध किया गया था। राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों से इसकी पुष्टि भी प्राप्त हो चुकी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एफएलसी की यह पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के तय मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है, जिसकी निगरानी जिला स्तर से लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी और चुनाव आयोग के स्तर तक की जा रही है। ईवीएम और वीवीपैट से जुड़ी अधिक जानकारी निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (http://www.eci.gov.in/evm-vvpat) पर देखी जा सकती है।

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा: दुलाई प्राथमिक विद्यालय को दोबारा खुलवाने की मांग: सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन।

दुलाई प्राथमिक विद्यालय को दोबारा खुलवाने की मांग: सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व …