Breaking News

शिक्षक एमएलसी चुनाव में 70.67 प्रतिशत मतदान, शांतिपूर्ण संपन्न हुई प्रक्रिया।

बदायूं में 3,935 मतदाताओं में से 2,781 ने किया मताधिकार का प्रयोग, मतपेटिकाएं कड़ी सुरक्षा में बरेली भेजीं।

बदायूं। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कुल 3,935 मतदाताओं में से 2,781 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह जिले में कुल 70.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने नगर पालिका परिषद बदायूं तथा बिल्सी स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदान कराने तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा।

दोपहर दो बजे तक 53.85 प्रतिशत मतदान

मतदान के दौरान जारी आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक 569 मतदाताओं ने वोट डाले, जो कुल मतदाताओं का 16.49 प्रतिशत था। दोपहर 12 बजे तक 1,420 मतदाता मतदान कर चुके थे और मतदान प्रतिशत 36.09 पहुंच गया। वहीं, दोपहर दो बजे तक 2,119 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत बढ़कर 53.85 हो गया। मतदान समाप्त होने तक कुल 2,781 वोट पड़े और अंतिम मतदान प्रतिशत 70.67 दर्ज किया गया।

मतपेटिकाएं बरेली के स्ट्रांग रूम में रखीं

मतदान समाप्त होने के बाद जिले के सभी 10 मतदेय स्थलों से सीलबंद मतपेटिकाएं प्राप्त कर ली गईं। इन्हें कड़ी सुरक्षा और पुलिस बल की निगरानी में बरेली स्थित स्ट्रांग रूम भेज दिया गया है। मतपेटिकाओं को 27 अक्टूबर तक सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित रखा जाएगा। निर्वाचन की मतगणना 27 अक्टूबर को बरेली में संपन्न होगी।

 

Spread the love

Check Also

बिसौली में शिक्षक एमएलसी चुनाव में 81.58 प्रतिशत मतदान।

बिसौली में शिक्षक एमएलसी चुनाव में 81.58 प्रतिशत मतदान। आई एम खान  बिसौली। शिक्षक एमएलसी …