Breaking News

सहसवान में बिजली विभाग की लापरवाही: हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से किसान की एक बीघा फसल जलकर खाक।

सहसवान में बिजली विभाग की लापरवाही: हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से किसान की एक बीघा फसल जलकर खाक।

सहसवान, बदायूं। खून-पसीना एक कर फसल तैयार करने वाले अन्नदाता पर एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही भारी पड़ गई है। प्राकृतिक आपदाओं की मार झेलने वाले किसानों के लिए अब खेतों के ऊपर से गुजर रहे जर्जर और ढीले बिजली के तार काल साबित हो रहे हैं।

ऐसा ही एक मामला मंगलवार की दोपहर सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुढारी सिधारपुर में सामने आया, जहाँ हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिरने से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पीड़ित किसान की करीब एक बीघा से अधिक खड़ी गेहूं की फसल देखते ही देखते राख के ढेर में तब्दील हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के किसान महेंद्र पुत्र दोधी के खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार काफी समय से जर्जर स्थिति में थे। मंगलवार दोपहर अचानक तार टूटकर खड़ी फसल पर गिर पड़ा, जिससे उठी चिंगारी ने पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े और तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग को सूचित किया, लेकिन जब तक राहत कार्य शुरू हो पाता, किसान की कड़ी मेहनत से उगाई गई फसल पूरी तरह जल चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुँचकर क्षति का आकलन किया है। पीड़ित किसान ने भरे मन से बताया कि दिन-रात मेहनत कर फसल पाली थी, लेकिन विभाग की अनदेखी ने सब कुछ छीन लिया। ग्रामीणों में भी बिजली विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि ढीले तारों की शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन समाधान न होने के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। फिलहाल राजस्व टीम की रिपोर्ट के आधार पर किसान को मुआवजे की आस है।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!