Breaking News

कुदरत का कहर: कासगंज में आंधी-बारिश के बीच गिरा मकान का लेंटर, दो सगे मासूम भाई-बहन की मौत।

कुदरत का कहर: कासगंज में आंधी-बारिश के बीच गिरा मकान का लेंटर, दो सगे मासूम भाई-बहन की मौत।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

गंजडुंडवारा (कासगंज)। जनपद के थाना क्षेत्र सिकंदरपुर वैश्य के ग्राम घबरा में सोमवार की सुबह कुदरत ने ऐसा तांडव मचाया कि एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया। क्षेत्र में आई तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश के चलते जितेश नामक ग्रामीण के पक्के मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस भीषण हादसे में मलबे के नीचे दबने से जितेश की 5 वर्षीय पुत्री सोनाली और मात्र 6 माह के मासूम पुत्र अविनाश की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब जितेश का परिवार घर के भीतर सो रहा था, तभी अचानक मौसम के बिगड़े मिजाज ने कहर बरपा दिया। तेज आंधी और बारिश के दबाव के कारण मकान का लेंटर और दीवारें एक साथ ढह गईं, जिससे पूरा परिवार मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। मलबे के नीचे दबने से 5 वर्षीय सोनाली की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भारी मशक्कत कर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों में जितेश की पत्नी नीलम, 22 वर्षीय बबीता और 6 माह का पुत्र अविनाश शामिल थे।

गंभीर स्थिति को देखते हुए मां नीलम और पुत्र अविनाश को बदायूं के नौशेरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां सुबह करीब 10:30 बजे उपचार के दौरान मासूम अविनाश ने भी दम तोड़ दिया। वहीं बबीता का उपचार अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया और मासूम सोनाली के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही घर के दो चिराग बुझने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण इस हृदयविदारक घटना से गहरे दुख और आक्रोश में हैं, वहीं प्रशासन द्वारा अब नुकसान के आकलन और पीड़ित परिवार को मिलने वाली सहायता राशि की प्रक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बरेली: सांसद चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, आजाद समाज पार्टी ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन।

बरेली: सांसद चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, आजाद समाज पार्टी ने राष्ट्रपति को …