Breaking News

मुगलसराय: पुलिस चौकी के सामने चोरों का दुस्साहस, शराब की दुकान में तीसरी बार सेंधमारी कर नकदी और माल पार।

मुगलसराय: पुलिस चौकी के सामने चोरों का दुस्साहस, शराब की दुकान में तीसरी बार सेंधमारी कर नकदी और माल पार।

संवाददाता, शमशेर सिंह 

मुगलसराय (चंदौली)। जनपद में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को एक बार फिर खुली चुनौती दी है। शनिवार की देर रात चकिया तिराहा स्थित एक कंपोजिट शराब की दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का शटर काटकर अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखी करीब 70 से 75 हजार रुपये की नकदी सहित लगभग 15 से 20 हजार रुपये मूल्य की कीमती ब्रांड की शराब लेकर रफूचक्कर हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस दुकान में यह चोरी हुई, वह पुलिस चौकी के बिल्कुल सामने स्थित है।

घटना की जानकारी रविवार सुबह होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और चौकी इंचार्ज शिवपूजन बिंद ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। दुकान संचालक विवेक कुमार अग्रहरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस दुकान में यह तीसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले भी दो बार लाखों की चोरी हो चुकी है, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चौकी के सामने ही चोर इतने सक्रिय हैं, तो व्यापारियों की सुरक्षा का क्या होगा।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने भी इस घटना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। खुर्द कलाँ के प्रधान धीरज और व्यापारी नेता हरि जैसवाल ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्पष्ट है कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी और बरामदगी नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस चौकी के सामने हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने प्रशासन के सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!