Breaking News

कासगंज: चालान कार्रवाई को लेकर कासगंज में रोडवेज कर्मियों की हड़ताल, बस सेवाएं प्रभावित।

चालान कार्रवाई को लेकर कासगंज में रोडवेज कर्मियों की हड़ताल, बस सेवाएं प्रभावित।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। जनपद में यातायात व्यवस्था को लेकर रोडवेज कर्मियों और यातायात विभाग के बीच विवाद सामने आया है। यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह पर कथित अभद्र व्यवहार और बिना कारण चालान काटने के आरोप लगाते हुए रोडवेज बस कर्मियों ने हड़ताल कर दी। विरोध स्वरूप बसों को रोडवेज परिसर में खड़ा कर दिया गया, जिससे कई रूटों की सेवाएं प्रभावित रहीं।

हड़ताल के चलते बस अड्डे पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री घंटों बसों का इंतजार करते दिखाई दिए, जबकि कुछ को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।

बस चालक चंदन गुप्ता ने बताया कि एक दिव्यांग युवक बस में चढ़ गया था और यात्रियों से पैसे मांग रहा था। उसे बस से उतारने की प्रक्रिया के दौरान ही बस का चालान कर दिया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई।

रोडवेज कर्मियों का आरोप है कि आए दिन बिना ठोस कारण बसों के चालान किए जाते हैं और कर्मचारियों से अनुचित व्यवहार किया जाता है। उनका कहना है कि वे नियमों का पालन करते हैं, इसके बावजूद उन्हें अनावश्यक रूप से कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ बस चालक सड़क पर आड़ी-तिरछी बसें खड़ी कर सवारी भरते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है और यातायात बाधित होता है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। प्रशासनिक स्तर पर वार्ता के जरिए मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बस संचालन जल्द सामान्य हो सके और यात्रियों को राहत मिल सके।

बाइट- चंदन गुप्ता, रोडवेज चालक।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!