Breaking News

कासगंज: हजारा नहर में दो अज्ञात किशोरों के शव मिलने से हड़कंप, इलाके में पसरा मातम।

ढोलना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की शिनाख्त की कार्रवाई, मछली पकड़ने के कांटे मिलने से हादसे की आशंका।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज : जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब हजारा नहर में दो अज्ञात किशोरों के शव उतराते मिले। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पाकर ढोलना थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र राजपूत पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया।

प्राथमिक जांच के अनुसार मृतकों में एक किशोर की उम्र करीब 16 वर्ष और दूसरे की उम्र लगभग 11 वर्ष है। समाचार लिखे जाने तक दोनों किशोरों की पहचान नहीं हो सकी थी। मौके पर पुलिस को मछली पकड़ने का एक कांटा भी बरामद हुआ है, जिसके बाद से पुलिस इस पहलू पर भी गंभीरता से जांच कर रही है कि कहीं दोनों किशोर मछली पकड़ने के दौरान गहरे पानी में डूबने से हादसे का शिकार तो नहीं हुए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी जगदीश चंद्र राजपूत ने बताया कि बच्चों की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और निकटवर्ती थानों से संपर्क कर लापता बच्चों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कर दी गई है ताकि उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द से जल्द मृतकों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!