Breaking News

कासगंज: हाईटेंशन लाइन के पोल से टकराई कार, बनी आग का गोला; चालक गंभीर घायल।

हाईटेंशन लाइन के पोल से टकराई कार, बनी आग का गोला; चालक गंभीर घायल।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता

कासगंज। जनपद के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिढ़पुरा-गंजडुंडवारा मार्ग पर ग्राम सिकहरा के पास तेज रफ्तार कार साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में तुरंत आग लग गई और वह कुछ ही क्षणों में आग के गोले में तब्दील हो गई।

हादसे में कार चालक जहीम अहमद पुत्र अकील अहमद निवासी किदवई नगर, सिढ़पुरा गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए जलती कार से चालक को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर कोतवाली गंजडुंडवारा पुलिस और डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उपचार जारी है।

परिजनों ने बताया कि सामने से आ रही साइकिल को बचाने के प्रयास में मारुति सुजुकी की ग्रैंड विटारा (UP87Z2610) कार अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई। बताया गया कि यह कार जहीम को विवाह में मिली थी और उनकी पत्नी के नाम पंजीकृत है।

घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा वाहन के अनियंत्रित होकर पोल से टकराने के कारण होना प्रतीत हो रहा है।

पीड़ित परिजनों ने ग्रामीणों के साहस और पुलिस की तत्परता की सराहना की है, जिनकी मदद से चालक की जान बच सकी।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!