Breaking News

बदायूं से लखनऊ का सफर हुआ आसान, उझानी से नई दैनिक एक्सप्रेस शुरू।

बदायूं से लखनऊ का सफर हुआ आसान, उझानी से नई दैनिक एक्सप्रेस शुरू।

उझानी, बदायूं। बदायूं जिले के लोगों को लखनऊ के लिए सीधी रेल सेवा की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। रविवार को उझानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस की उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नियमित सेवा 27 जुलाई 2026 से शुरू होगी।

नई रेल सेवा शुरू होने से बदायूं, उझानी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लखनऊ के साथ बरेली, पीलीभीत, मैलानी और सीतापुर जाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, कारोबारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों के लिए यह सेवा खास तौर पर उपयोगी मानी जा रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए यह रेल सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि बदायूं को पहले दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन मिली और अब लखनऊ के लिए भी सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। उन्होंने उझानी रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए किए गए कार्यों की भी सराहना की। साथ ही कछला को हाल्ट के बजाय पूर्ण स्टेशन का दर्जा देने की मांग रेलवे अधिकारियों के सामने रखी।

कासगंज से ऐशबाग तक रोज चलेगी ट्रेन

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस सुबह 4:20 बजे कासगंज से रवाना होकर 5:02 बजे उझानी और 5:25 बजे बदायूं पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, लखीमपुर और सीतापुर होते हुए दोपहर 1 बजे ऐशबाग पहुंचेगी।

वापसी में 15311 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस दोपहर 2 बजे ऐशबाग से चलेगी और रात 9:10 बजे बदायूं, 9:25 बजे उझानी होते हुए रात 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी।

ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें अनारक्षित श्रेणी, नॉन एसी चेयर कार और वातानुकूलित चेयर कार शामिल हैं।

नई रेल सेवा से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य और सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नई सेवा को क्षेत्र के विकास और आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आमजन और मीडिया प्रतिनिधि नई ट्रेन से उझानी से बदायूं रेलवे स्टेशन पहुंचे। बदायूं स्टेशन पर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की डीआरएम वीणा सिन्हा समेत रेलवे अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सेवादारों को दिए गए पहचान पत्र।

कासगंज: कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सेवादारों को दिए गए …