Breaking News

शाहजहांपुर में हिस्ट्रीशीटर की दबंगई: पुलिस पर टूटी कांच की बोतल से हमला करने का प्रयास, साथी समेत गिरफ्तार।

शाहजहांपुर में हिस्ट्रीशीटर की दबंगई: पुलिस पर टूटी कांच की बोतल से हमला करने का प्रयास, साथी समेत गिरफ्तार।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने दोनों को 27 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे कच्चा कटरा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय कच्चा कटरा तिराहे पर यातायात जाम हो गया था, जिसे पुलिसकर्मी सुचारu कराने में जुटे हुए थे। इसी दौरान मोती चौक की ओर से एक बाइक पर दो युवक तेज रफ्तार में आते दिखाई दिए। बाइक के पीछे बैठे युवक के हाथ में शराब की बोतल थी। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो पीछे बैठे युवक ने नशे की हालत में पुलिसकर्मियों पर हमला करने का दुस्साहस किया।

आरोप है कि युवक ने शराब की बोतल अपने सिर पर मारकर उसे आधा तोड़ दिया और उसी टूटी हुई कांच की बोतल से पुलिस पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान उसने खुद को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए पुलिसकर्मियों को डराने-धमकाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दीं। हालांकि, मौके पर मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्पर्श शर्मा उर्फ चम्पू (26) पुत्र सूर्यकान्त शर्मा, निवासी मोहल्ला मोहम्मद जई, थाना कोतवाली और अनमोल (22) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी मोहल्ला लोधीपुर, निकट उत्तम चक्की वाली गली, थाना रोजा के रूप में हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी स्पर्श के पास से आधी टूटी कांच की बोतल भी बरामद कर ली है।

इस हाथापाई और झड़प के दौरान दोनों आरोपियों और पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं, जिसके बाद सभी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर चिकित्सीय उपचार कराया गया। अस्पताल से लौटने के बाद थाना कोतवाली में बीएनएस की सुसंगत धाराओं (132, 221 और 109) के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

थाना चौक कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय राय ने बताया कि मुख्य आरोपी स्पर्श शर्मा उर्फ चम्पू एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब दो दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी अनमोल के खिलाफ भी लूट और चोरी जैसे मामलों में आपराधिक इतिहास दर्ज है।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुमार गौरव और थाना कोतवाली के कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।

Spread the love

Check Also

बरेली: रक्षाबंधन की मेहमाननवाजी मातम में बदली, नदी में डूबने से बच्चे की मौत।

बरेली: रक्षाबंधन की मेहमाननवाजी मातम में बदली, नदी में डूबने से बच्चे की मौत। संवाददाता, …