Breaking News

शाहजहांपुर में नकली और मिलावटी दूध बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, भारी मात्रा में केमिकल व सामग्री बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार।

शाहजहांपुर में नकली और मिलावटी दूध बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, भारी मात्रा में केमिकल व सामग्री बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने वाले एक बड़े गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर 27 अगस्त को ग्राम कन्हानी नगला देहात माली निवासी मुन्नालाल पुत्र रामभरोसे के घर पर अचानक छापेमारी की गई। घर की सघन तलाशी के दौरान संयुक्त टीम के भी होश उड़ गए, क्योंकि वहां मिलावटी दूध बनाने का पूरा सामान मौजूद था।

छापेमारी में टीम ने पामोलीन तेल के पांच पैकेट, सोयाबीन तेल के पांच पैकेट, 13 खाली पैकेट, स्किम्ड मिल्क पाउडर, 25-25 किलो के चार खाली बोरे, व्हे परमिएट पाउडर का एक खाली बोरा, लॉन्ड्री डिटर्जेंट लिक्विड की दो बोतलें, करीब एक किलो कास्टिक सोडा और लगभग 600 एमएल एक अज्ञात रसायन बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, यह तमाम खतरनाक सामग्रियां बड़े पैमाने पर नकली और मिलावटी दूध तैयार करने के काम लाई जा रही थीं, जो आम लोगों की सेहत के साथ सीधे खिलवाड़ था।

कार्रवाई को अंजाम देते हुए टीम ने आरोपी मुन्नालाल को उसके घर से दोपहर करीब एक बजे गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना गढ़िया रंगीन में बीएनएस की धारा 223, 274, 275 और 318(4) के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इस पूरी संयुक्त और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-II विनीत कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मनोज कुमार और सौरभ सोनी के साथ स्थानीय थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …