Breaking News

डीएम ने ली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और गति बढ़ाने के दिए निर्देश।

डीएम ने ली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और गति बढ़ाने के दिए निर्देश।

मोहम्मद असलम, संवाददाता 

लखीमपुर खीरी। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और तेजी से पहुँचाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने की। उन्होंने समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य महकमे को फील्ड में सक्रिय किया जाए और स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि सेवाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे। बैठक का संचालन सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने किया।

डीएम ने सभी अधीक्षकों को अपने-अपने ब्लॉक में स्वास्थ्य योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और डेली मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीज और उनके तीमारदारों के साथ चिकित्सकों का व्यवहार उत्तम होना चाहिए और मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एमओआईसी स्वयं जाँचें। सीएचसी और पीएचसी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए गए।

इसके अलावा डीएम ने सभी पोर्टल्स पर समयबद्ध डेटा एंट्री और फीडिंग बनाए रखने के साथ-साथ ऑपरेटरों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी एमओआईसी को संस्थागत प्रसव की रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने और आशा-संगिनियों का नियमित भुगतान समयबद्ध तरीके से कराने के लिए भी कहा गया।

बैठक में जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आरसीएच और अन्य पोर्टल्स पर डेटा एंट्री की समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया। ब्लॉकवार आयुष्मान गोल्डन कार्ड की प्रगति की समीक्षा की गई और सुधार के निर्देश दिए गए। ओपीडी प्रगति, आयुष्मान भारत–पीएम जन आरोग्य योजना, जननी सुरक्षा योजना, पीएम मातृत्व वंदना योजना, संस्थागत प्रसव, नेशनल दृष्टिहीनता निवारण कार्यक्रम, कुष्ठ व क्षय उन्मूलन, न्यूबॉर्न स्टेबलाइजेशन यूनिट, ई-संजीवनी, संचारी व वेक्टर जनित रोग नियंत्रण और कवच एप आधारित परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सीएमएस डॉ. आरके कोली, डॉ. अमित कुमार गुप्ता, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ सहित डीपीएम अनिल यादव, डीपीओ भारत प्रसाद, सभी एमओआईसी और सीडीपीओ उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!