Breaking News

कासगंज: ऑनलाइन ठगी के ₹3.84 लाख साइबर सेल ने कराए वापस, कासगंज पुलिस का जताया आभार।

ऑनलाइन ठगी के ₹3.84 लाख साइबर सेल ने कराए वापस, कासगंज पुलिस का जताया आभार।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। जनपद की साइबर सेल पुलिस ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित को उसकी पूरी रकम वापस दिलाने में बड़ी सफलता हासिल की है। मामला कुतुबपुर निवासी संतोष कुमार पुत्र उदयवीर से जुड़ा है, जिनके बैंक खाते से बीते 19 मई को साइबर ठगों ने यूपीआई आईडी के माध्यम से सेंधमारी करते हुए 3 लाख 84 हजार रुपये की मोटी रकम उड़ा दी थी। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित संतोष कुमार ने तत्काल सजगता दिखाते हुए नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही कासगंज पुलिस कप्तान और साइबर विंग पूरी तरह मुस्तैद हो गई।

इस गंभीर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध अमित कुमार के नेतृत्व में जनपदीय साइबर सेल ने तेजी से तफ्तीश शुरू की। साइबर टीम ने तकनीकी बारीकियों का इस्तेमाल करते हुए ठगों द्वारा इस्तेमाल किए गए संदिग्ध बैंक खातों को ट्रैक किया और बिना समय गंवाए उन खातों में मौजूद ठगी की रकम को फ्रीज यानी लीयन (Lien) करा दिया।

पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई के चलते आज पीड़ित संतोष कुमार को उनके डूबे हुए पूरे 3,84,000 रुपये शत-प्रतिशत वापस मिल गए। अपनी मेहनत की पूरी गाढ़ी कमाई सुरक्षित वापस पाकर पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने कासगंज पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए पूरी टीम का सहृदय धन्यवाद किया। इस सराहनीय सफलता को अंजाम देने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सोनू सिंह, मोहनपुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक महेश सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह सहित कांस्टेबल विवेक, विजन कुमार, अनुज कुमार, सुखवीर सिंह, शैलेन्द्र सिंह और स्वप्निल सिवाच शामिल रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!