Breaking News

उझानी के एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में ‘विद्योत्सव 2025’ का सांस्कृतिक समागम, विविध प्रस्तुतियों ने बांधा समा।

उझानी के एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में ‘विद्योत्सव 2025’ का सांस्कृतिक समागम, विविध प्रस्तुतियों ने बांधा समा।

उझानी, (बदायूं)। उझानी स्थित एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘विद्योत्सव 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर सुबह से ही रंगारंग सजावट और उत्सवमय वातावरण से सराबोर दिखाई दिया। प्रवेशद्वार से लेकर मुख्य मंच तक की आकर्षक साज-सज्जा ने आगंतुकों का स्वागत किया। बच्चों का उत्साह, मातृ-पितृ व अतिथिगणों का स्नेह और विद्यालय प्रशासन की उत्कृष्ट तैयारियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन विमलकृष्ण अग्रवाल, चेयरपर्सन पूनम अग्रवाल, निदेशक निलांशु अग्रवाल और निदेशिका नंदिता अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट और उपप्रधानाचार्या मीनाक्षी शर्मा ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। भारतीय सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप प्रारंभ हुई यह कार्यक्रम श्रृंखला विद्यालय के अनुशासन और सांस्कृतिक मान्यताओं का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रही थी।

आरंभ में कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना की मनोहारी प्रस्तुति दी। “बप्पा मोरया” की गूंज से सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से भर उठा। इसके बाद क्रमवार तीन मुख्य थीमों के माध्यम से विविध प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसने दर्शकों को पूर्णतः मंत्रमुग्ध कर दिया।

सबसे पहले किंडरगार्टन के नन्हे-मुन्नों ने ‘जंगल लाइफ’ थीम पर मनभावन प्रस्तुतियाँ दीं। हिरण, हाथी, शेर और अन्य जीव-जंतुओं के रूप में सजे बच्चों ने मनमोहक अंदाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जंगल की साज-सज्जा और संगीत के मेल से प्रस्तुति मानो जीवंत हो उठी। किंडरगार्टन की अध्यापिकाओं द्वारा किया गया निर्देशन अत्यंत प्रभावशाली रहा।

इसके बाद कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों ने ‘बचपन रंग बिरंगा’ थीम के अंतर्गत बचपन की शरारतों, दोस्ती, खेलकूद और परिवार के स्नेह से जुड़ी मार्मिक झलकियाँ प्रस्तुत कीं। “मैं ऐसा क्यों हूँ”, “ला-ला-ला”, “जाने क्यों” जैसे गीतों पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बचपन की यादों में ले जाकर भावविभोर कर दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक में माता-पिता और शिक्षकों के सम्मान जैसे संस्कारों को प्रमुखता दी गई, जिसे सभागार ने प्रशंसा के साथ स्वीकार किया।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने ‘भारत की विविधता’ थीम के तहत देश की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर उतारा। विभिन्न राज्यों की पारंपरिक कला, वेशभूषा और नृत्य शैलियों—उत्तर भारत का कथक, महाराष्ट्र का गोंदल, पंजाब का गिद्दा और भांगड़ा तथा दक्षिण भारतीय स्वैग प्रस्तुति—ने मंच को रंगों से सजा दिया। विद्यार्थियों की ऊर्जा और जोश ने वातावरण को पूर्णतः उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा ‘नरसिम्हा’ एक्ट, जिसे कक्षा 5, 9 और 11 के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने सत्य के संरक्षण, विश्वास की शक्ति और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश प्रभावी ढंग से दर्शाया। दर्शकों ने इस भावनात्मक प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासन द्वारा कक्षा 10 और 12 के उन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। अभिभावकों सहित सभी को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इसी क्रम में मीडिया प्रतिनिधि अभिषेक आर्या (सत्यमेव भारत न्यूज), प्रिया राना, विवेक सिंह, सिम्मी नाजिर तथा इवेंट एडिटर सूर्या सहित कला विभाग की शिक्षिकाएँ रचना यादव, अर्चना पांडेय और शिक्षक मनोज सक्सेना को भी सम्मानित किया गया।

निदेशक निलांशु अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ‘विद्योत्सव’ केवल उत्सव नहीं है, बल्कि संस्कृति, परंपरा और मानवीय मूल्यों को समझने का महत्त्वपूर्ण माध्यम है। प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट ने विद्यालय सत्र 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, खेल और अन्य सहगामी गतिविधियों में प्राप्त उपलब्धियों का विवरण दिया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक रिधिमा थारेजा, मानसी शर्मा, प्रांजल शर्मा तथा विद्यार्थियों शिवांगी महेश्वरी, अथर्व मिश्रा, आराध्या चांडक, अक्षिता माहेश्वरी, आस्था छाबड़ी और आराध्या भारद्वाज ने किया। मुख्य समन्वयक विवेक सिंह, प्रिया राना, सिम्मी नाजिर, कला विभाग की टीम और एनसीसी कैडेट्स ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन के अवसर पर ग्रैंड फिनाले की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों को उत्साह से भर दिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!