Breaking News

सैयदराजा में छठ महापर्व की धूम, ब्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य।

सैयदराजा में छठ महापर्व की धूम, ब्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

सैयदराजा (चंदौली)। लोक आस्था के महापर्व छठ पर सोमवार को सैयदराजा सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। दोपहर से ही नदी, तालाब और सरोवरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ब्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

नगर पंचायत सैयदराजा, धरौली, भतीजा, सोगाई भुजना, सुंडेहरा, जेवरिबाद, रेवंसा, छतेम, दुधारी और नौबतपुर क्षेत्र के घाटों पर सुबह से ही छठ गीतों की गूंज रही। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश और डाला लेकर घाटों की ओर पहुंचीं। “केलवा जे फरेला घवद से”, “कांच ही बांस के बहंगिया”, “सेविले चरण तोहर हे छठी मईया” जैसे पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस दौरान सैयदराजा नगर पंचायत चेयरमैन आभा जायसवाल भी छठ व्रत रखकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने नगर पंचायत परिसर में स्थापित प्रतिमा का पूजन-अर्चन किया और नगर के लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अपर जिलाधिकारी विकास कुमार, सीओ सदर देवेन्द्र कुमार, और थाना प्रभारी बिन्देश्वरी पाण्डेय पुलिस बल के साथ घाटों पर तैनात रहे। भीड़ प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम, स्वास्थ्य विभाग की टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला पुलिसकर्मी और नगर पंचायत कर्मी सक्रिय रहे।

एनडीआरएफ की टीम और गोताखोरों ने पोखरे के चारों ओर चक्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। नगर पंचायत द्वारा खोया-पाया केंद्र, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और सूचना सहायता डेस्क भी संचालित की गई।

कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश कुमार जायसवाल “बाढू”, धीरेंद्र सिंह शक्ति, राकेश शर्मा, गणेश मद्धेशिया, डा. रामअशीष कुशवाहा, नामवर प्रसाद, लवकुश पटेल, अंकित जायसवाल, रवि गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!