Breaking News

बिसौली: नालों पर अवैध कब्जे से जल निकासी ठप, पालिका की चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी।

बिसौली: नालों पर अवैध कब्जे से जल निकासी ठप, पालिका की चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी।

आई एम खान 

बिसौली (बदायूं): नगर पालिका प्रशासन की अनदेखी के चलते बिसौली नगर में नालों और नालियों पर अवैध कब्जों की बाढ़ सी आ गई है। स्थिति यह है कि प्रमुख मार्गों पर दुकानदारों ने नालों को पाटकर उन पर पक्की ढलाई कर दी है और टाइल्स-मार्बल लगाकर उन्हें अपनी दुकानों का हिस्सा बना लिया है। इसके बावजूद पालिका प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है।

आसफपुर रोड पर खुलेआम नियम-कानूनों की धज्जियां

सबसे बुरा हाल आसफपुर रोड और आसफपुर तिराहे का है। यहां दुकानदारों ने नालों पर न केवल अस्थाई बल्कि स्थाई अतिक्रमण कर रखा है। इन अतिक्रमणों के कारण नालों की सफाई लगभग असंभव हो गई है, जिससे बरसात के दिनों में जलभराव का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायतें और प्रार्थना पत्र देने के बाद भी अधिकारी इन रसूखदार अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं, जिसके कारण आज भी अतिक्रमण जस का तस बना हुआ है।

ईओ ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) रवि यादव ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि नालों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ईओ ने स्पष्ट किया कि यदि दुकानदारों ने स्वयं तय समय के भीतर नालों पर किया गया कब्जा नहीं हटाया, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एफआईआर और जुर्माने की तैयारी

अधिशासी अधिकारी ने आगे कहा कि चेतावनी के बाद भी यदि अतिक्रमण पाया गया, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, मौके से सामान जब्त करने और भारी जुर्माना वसूलने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। अब देखना यह होगा कि पालिका प्रशासन की यह चेतावनी महज कागजों तक सीमित रहती है या वाकई धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई देखने को मिलती है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!