Breaking News

बरेली: अंतरराज्यीय अफीम तस्करी का खुलासा, बरेली में 11 किलो मादक पदार्थ के साथ दो आरोपी पकड़े गए।

अंतरराज्यीय अफीम तस्करी का खुलासा, बरेली में 11 किलो मादक पदार्थ के साथ दो आरोपी पकड़े गए।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना भमोरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने झारखंड से अफीम लेकर बरेली में बेचने आ रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 किलो अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ दस लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार 05 जनवरी 2026 को एएनटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि झारखंड से अफीम की बड़ी खेप बरेली लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ और थाना भमोरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाते हुए अलीगंज क्षेत्र में रम्पुरा अंडरपास के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक काली रंग की कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कार के बोनट से 11 किलो अफीम बरामद हुई। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी वाहन चलाते हुए पुलिस को देखकर फरार हो गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कंडे मुंडा पुत्र सागर मुंडा निवासी ग्राम बड़ी निचकेल, थाना अर्की, जिला खूंटी (झारखंड) और बल्का मुंडा पुत्र घासी राम मुंडा निवासी ग्राम परतापुर, थाना तमाड़, जिला रांची (झारखंड) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक कार, दो मोबाइल फोन और 9,200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

इस संबंध में थाना भमोरा में मुकदमा संख्या 07/26 धारा 8/18/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे झारखंड के पहाड़ी इलाकों में अफीम की खेती करते हैं और अपने फरार साथी के साथ मिलकर बरेली में ऊंचे दामों पर अफीम बेचते थे। उन्होंने बताया कि प्रति किलो एक लाख पचास हजार रुपये में सौदा तय हुआ था और उसी सौदे को पूरा करने के लिए वे अफीम लेकर आए थे।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी आँवला के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष भमोरा सनी चौधरी ने किया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!