Breaking News

बलरामपुर: सिसहनिया घोपलापुर में AIMIM की जनसभा, प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने किया शक्ति प्रदर्शन।

सिसहनिया घोपलापुर में AIMIM की जनसभा, प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने किया शक्ति प्रदर्शन।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। नेपाल सीमा से सटे पचपेड़वा विकासखंड के ग्राम सिसहनिया घोपलापुर में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की ओर से आयोजित जनसभा में संगठन का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली का कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। सभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही, जिससे पूरा माहौल राजनीतिक रंग में नजर आया।

जनसभा को संबोधित करते हुए हाजी शौकत अली ने कहा कि बीते वर्षों में मुस्लिम समाज के साथ लगातार अन्याय हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसों और घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई, लेकिन उस समय किसी भी बड़ी राजनीतिक पार्टी ने खुलकर विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों से समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया, वहीं समाजवादी पार्टी को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में मुस्लिम समाज ने रणनीतिक रूप से समाजवादी पार्टी का समर्थन किया, लेकिन सत्ता का लाभ भाजपा को मिला। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में लगभग 20 प्रतिशत मुस्लिम वोट होने के बावजूद उसकी राजनीतिक भागीदारी और प्रभाव कमजोर किया गया।

हाजी शौकत अली ने कहा कि जब भी कोई मुस्लिम प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरता है, तो दूसरे वर्गों के वोट इधर-उधर हो जाते हैं, जिससे सेक्युलर राजनीति पर प्रश्नचिह्न लग जाता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब मुस्लिम समाज को अपना राजनीतिक फैसला खुद लेना होगा।

उन्होंने ऐलान किया कि AIMIM आगामी पंचायत चुनाव 2027 और विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उनका कहना था कि जो दल या नेता समाज की आवाज नहीं उठाता, उसे समर्थन देने का कोई औचित्य नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान AIMIM के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। सभा के अंत में हाजी शौकत अली ने एकता और राजनीतिक जागरूकता पर जोर देते हुए लोगों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए खड़े होने की अपील की।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!