Breaking News

बलरामपुर: तराई क्षेत्र में तेंदुओं की सक्रियता से ग्रामीणों में भय, दो गांवों से वन विभाग ने किया रेस्क्यू।

तराई क्षेत्र में तेंदुओं की सक्रियता से ग्रामीणों में भय, दो गांवों से वन विभाग ने किया रेस्क्यू।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। जनपद के महराजगंज तराई क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग गांवों में तेंदुओं की मौजूदगी और हमले की कोशिश की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पहली घटना महराजगंज क्षेत्र के ग्राम बरगदही की बताई जा रही है। यहां खेत मालिक एवं पूर्व प्रधान हरिश्याम सिंह ने अपनी फसल को छुट्टा जानवरों से बचाने के लिए खेत में तारबंदी कर रखी थी। इसी तारबंदी में एक तेंदुआ फंस गया। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर तेंदुए पर पड़ी तो गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बरहवां रेंज की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

दूसरी घटना बेला थाना क्षेत्र के कौवा गांव की है। यहां किसान गोबरे पर तेंदुए ने हमला करने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से गांव में हल्ला-गुल्ला मच गया। शोरगुल के बीच एक तेंदुआ भाग निकला, जबकि दूसरा खेत में लगे जाल में फंस गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। किसानों का कहना है कि रात के समय खेतों की रखवाली करना मुश्किल हो गया है और मवेशियों के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने की स्थिति में अफवाह न फैलाएं, भीड़ एकत्र न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। विभाग की ओर से संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने की बात भी कही गई है।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …