Breaking News

लखीमपुर खीरी में गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाया गया बकरीद का त्योहार, डीएम-एसपी ने सुरक्षा व स्वच्छता का लिया जायजा।

लखीमपुर खीरी में गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाया गया बकरीद का त्योहार, डीएम-एसपी ने सुरक्षा व स्वच्छता का लिया जायजा।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। जनपदभर में ईद-उल-अजहा का पावन पर्व अपनी पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द के साथ बेहद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। खीरी की ऐतिहासिक गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता को और मजबूत करते हुए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने जिला मुख्यालय के साथ-साथ खीरी टाउन का सघन दौरा किया।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने मुस्लिम समुदाय के नागरिकों को बकरीद की दिली मुबारकबाद दी और कहा कि लखीमपुर खीरी की असल पहचान यहाँ का आपसी प्रेम और भाईचारा है, जहाँ सभी धर्मों के लोग मिलकर हर त्योहार मनाते हैं। इस उच्च स्तरीय निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी (सदर) अश्विनी कुमार सिंह भी प्रशासनिक टीम के साथ मौजूद रहे।

पर्व के दौरान कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पूरे जिले में पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, अमित कुमार राय, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार तिवारी सहित जिले के सभी उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे और मातहत अधिकारियों से लगातार कुशलता की रिपोर्ट ले रहे थे। प्रशासन की इसी चौकसी के कारण जिले में हर जगह नमाज बेहद शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई।

सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ इस बार जिलाधिकारी के विशेष निर्देशों पर नगर निकायों द्वारा स्वच्छता को लेकर अभूतपूर्व कमान संभाली गई थी। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों के त्वरित और सुरक्षित निस्तारण के लिए नगर निकाय की विशेष गाड़ियां घर-घर भेजी गईं, ताकि कहीं भी गंदगी या बदबू न फैलने पाए। इन अवशेषों को आबादी से दूर पहले से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर दफनाने के कड़े प्रबंध किए गए थे। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने स्वयं खीरी टाउन पहुंचकर सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया और सफाई कर्मियों की तैनाती व कचरा संग्रहण प्रणाली को परखा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि स्वच्छता मानकों में कोई ढिलाई न बरती जाए ताकि आम नागरिकों को त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!