Breaking News

बिसौली में धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, पालिकाध्यक्ष अबरार अहमद ने गले मिलकर दी मुबारकबाद।

बिसौली में धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, पालिकाध्यक्ष अबरार अहमद ने गले मिलकर दी मुबारकबाद।

आई एम खान 

बिसौली (बदायूं)। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का पावन त्योहार बेहद उत्साह, उमंग और मजहबी अकीदत के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह की भोर होते ही मुस्लिम समाज के लोग नए परिधानों में सज-धज कर नगर की विभिन्न मस्जिदों और मुख्य ईदगाह की ओर नमाज के लिए निकल पड़े, जिससे हर तरफ अकीदतमंदों का हुजूम नजर आने लगा।

इस मुबारक मौके पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अबरार अहमद ने मुख्य ईदगाह पहुंचकर सभी नमाजियों और गणमान्य नागरिकों को गले लगाकर बकरीद की दिली मुबारकबाद दी। नमाज की शुरुआत से पहले विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम धर्मगुरुओं ने वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह पर्व इंसानियत, आपसी भाईचारे, बेमिसाल त्याग और अल्लाह की राह में अपनी सबसे अजीज चीज की कुर्बानी का संदेश देता है, जिसे हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए।

​नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग तय समय के अनुसार पूरी शिद्दत के साथ नमाज की जमात मुकम्मल हुई। नगर की मुख्य ईदगाह में नमाज काजी इज़हारुल हक अशरफी की सरपरस्ती में अदा की गई, जबकि बिलाल मस्जिद में हाफिज शादाब रजा उवैसी ने हाजी बाबा खानकाह में नमाज संपन्न कराई। इसी तरह नगर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में हाफिज अब्दुल मुक्तदिर अहमद, कादरी मस्जिद में मौलाना अफलाक रजा उवैसी, नफीस मस्जिद में हाफिज मजहर खान, मदीना मस्जिद में मौलाना रफीक खां और मुंसिफी वाली मस्जिद में हाफिज इमरान ने अकीदतमंदों को नमाज अदा कराई।

ग्रामीण इलाकों में भी त्योहार का रंग चोखा रहा, जहाँ ग्राम पपगांव में मौलाना असलम रजा नूरी, दवतोरा की ईदगाह में मौलाना तस्लीम रजा, लक्ष्मीपुर की बिलाल मस्जिद में हाफिज अब्दुल हकीम रिज़वी और ग्राम मौजमपुर की ईदगाह में हाफिज अब्दुल हक रिजवी ने ईद की विशेष नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।

​पर्व को लेकर स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की मुस्तैदी धरातल पर साफ दिखाई दी। पालिकाध्यक्ष अबरार अहमद के कड़े निर्देशों के बाद नगर की सभी मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास सुबह से ही विशेष सफाई अभियान चलाया गया तथा कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष टीमें तैनात की गईं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में ईदगाह मैदान सहित नगर की सभी प्रमुख मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा त्योहार बेहद शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!