Breaking News

बहेड़ी: जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई रोकने की उठी जोरदार मांग, सभासदों ने एसडीएम को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन।

बहेड़ी: जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई रोकने की उठी जोरदार मांग, सभासदों ने एसडीएम को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली/बहेड़ी: रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के भवनों पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण (बुलडोजर) कार्रवाई को लेकर विरोध और चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को नगर पालिका परिषद बहेड़ी के सभासदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गोपाल शर्मा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालय पर की जाने वाली प्रस्तावित कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने की पुरजोर मांग की है।

उपजिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से सभासदों ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जौहर विश्वविद्यालय सिर्फ ईंट-पत्थरों से बनी कोई इमारत नहीं है, बल्कि यह आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य वर्ग के हजारों छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा का एक बेहद अहम केंद्र है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि यदि इस शैक्षणिक संस्थान पर बुलडोजर जैसी कोई भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाती है, तो इसका सबसे गंभीर खमियाजा वहां पढ़ने वाले निर्दोष विद्यार्थियों को भुगतना पड़ेगा, जिनकी शिक्षा और करियर सीधे तौर पर अधर में लटक जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के शैक्षणिक हितों को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से पहले सरकार और प्रशासन को इसके मानवीय तथा शैक्षणिक पहलुओं पर बेहद गंभीरता से विचार करना चाहिए ताकि विद्यार्थियों का बहुमूल्य भविष्य और उनकी पढ़ाई किसी भी स्तर पर बाधित न हो।

बहेड़ी के उपजिलाधिकारी गोपाल शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की पूरी बात को ध्यान से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनका यह ज्ञापन नियमानुसार उच्च स्तर पर संबंधित माध्यमों से अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया जाएगा।

राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए इस ज्ञापन के दौरान नगर पालिका परिषद बहेड़ी के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से सभासद सलीम चंदा, ताहिर पप्पू, नसीम अहमद, जाकिर रजा, हसन जाफरी, मिनहाज हैदराबादी, वाहिद खान, वाजिद अंसारी, इरफान अंसारी और अशरफ अब्बासी सहित अन्य सभासद व गणमान्य लोग शामिल रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज के विशाल मेगा मार्ट की ऊपरी मंजिल में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी।

कासगंज के विशाल मेगा मार्ट की ऊपरी मंजिल में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी। संवाददाता, …