Breaking News

बहेड़ी: ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज, 17 सितंबर से गांव-गांव पहुंचेंगी सरकार की उपलब्धियां।

बहेड़ी: ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज, 17 सितंबर से गांव-गांव पहुंचेंगी सरकार की उपलब्धियां।

संवाददाता,‌ मोहम्मद वसीम

बहेड़ी (बरेली)। ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल की उपलब्धियों को आम जनता से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर तहसील सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी बहेड़ी गोपाल शर्मा ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभियान की रूपरेखा और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।

बैठक के दौरान बताया गया कि इस एक महीने तक चलने वाले अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों और प्रदेश सरकार के 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव को प्रामाणिक तथ्यों के साथ जनता के सामने रखा जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। अधिकारियों को जानकारी दी गई कि इस अवधि के दौरान 13 प्रमुख और 3 विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के साथ होगी, जिसके तहत ग्राम पंचायतों, नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ-साथ सभी शासकीय कार्यालयों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा कस्तूरबा विद्यालयों और गौशालाओं में भी लाभार्थी परिवारों की सहभागिता के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और क्विज प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी, जबकि 2 गांधी जयंती पर ‘नमो सेवा-अनकही कहानी’ थीम के तहत स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई, अन्नप्राशन और उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं व लाभार्थियों के सम्मान समारोह भी प्रस्तावित हैं।

विभिन्न विकास परियोजनाओं, डिजिटल लाइब्रेरी, ग्राम सचिवालयों और लाभार्थी योजनाओं की सफलता के अनुभवों पर आधारित 60 सेकंड की डिजिटल रील्स तैयार कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया जाएगा।

अभियान के दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, मतदाता जागरूकता, नशा मुक्ति, ‘वोकल फॉर लोकल’ और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाकर पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

उपजिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, स्थानीय जनप्रतिनिधियों व समाज में प्रभाव रखने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और कार्यक्रमों से जुड़ी डिजिटल सामग्री को समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अभियान को पूरी तरह से जनभागीदारी आधारित बनाते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने …