Breaking News

बदायूं: बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 69 बच्चे कराए गए मुक्त।

बदायूं: बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 69 बच्चे कराए गए मुक्त।

बदायूं। बदायूं में विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान ने जिला प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर एक विशेष अभियान के तहत 69 बच्चों को बाल मजदूरी के चंगुल से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई राज्य सरकार द्वारा जून माह को बाल श्रम विरोधी ‘एक्शन मंथ’ के रूप में मनाने के निर्देशों के अंतर्गत की गई है।

मुक्त कराए गए बच्चों की आयु 10 से 17 वर्ष के बीच है और ये बच्चे विभिन्न वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में शोषणकारी परिस्थितियों में काम करने को मजबूर थे। इन बच्चों से बेहद कम पारिश्रमिक पर दिन-रात काम लिया जा रहा था, जिसका उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा था।

अभियान के दौरान संस्था ने जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए, जिसमें सरकारी विभागों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों, सामुदायिक नेताओं और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास, उन्हें मुआवजा दिलाने और अन्य सरकारी सुविधाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, साथ ही दोषी नियोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान की सचिव मीना सिंह ने कहा कि बाल मजदूरी बच्चों के बचपन और शिक्षा के अधिकारों का हनन है और बच्चों का स्थान कारखानों या ढाबों के बजाय स्कूलों में होना चाहिए। उन्होंने बाल तस्करी और बाल मजदूरी को एक-दूसरे से जुड़ी हुई गंभीर समस्या बताते हुए प्रशासन के साथ मिलकर भविष्य में भी काम जारी रखने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन नेटवर्क का सहयोगी संगठन होने के नाते यह संस्था बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। पूरे नेटवर्क ने अप्रैल 2023 से मार्च 2026 के बीच देशभर में 1.45 लाख से अधिक बच्चों को मानव तस्करी और बाल मजदूरी से मुक्त कराने में सफलता प्राप्त की है, जो बाल अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!