Breaking News

ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में देशभक्ति के रंग में रंगा 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह।

ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में देशभक्ति के रंग में रंगा 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

उझानी, बदायूं। ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक पोस्टर्स, तिरंगे गुब्बारों, देशभक्ति संदेशों और कट-आउट्स से भव्य रूप से सजाया गया। विद्यालय के प्रशासनिक कक्ष में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोली ने सभी का मन मोह लिया। सुबह से ही छात्र-छात्राओं में उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट दिखाई दे रही थी। तिरंगे और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के निदेशक श्री नीलांशु अग्रवाल रहे। उनका स्वागत बैज पहनाकर किया गया। इसके उपरांत उन्होंने राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर श्री अर्येन्द्र कुमार मिश्रा द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से वातावरण को देशप्रेम से भर दिया गया। एन.सी.सी. के द्वितीय अधिकारी श्री राजीव कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि को सलामी दी, वहीं विद्यालय की एन.सी.सी. टुकड़ी ने परेड के दौरान निदेशक को सम्मानपूर्वक सलामी प्रस्तुत की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा ‘सारे जहाँ से अच्छा’ गीत से हुई, जिसका निर्देशन श्रीमती माला गुप्ता ने किया। कक्षा 8 व 9 के छात्र-छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ से जुड़ी रोचक व ज्ञानवर्धक जानकारी प्रस्तुत की। कक्षा 3 पृथ्वी सदन की छात्रा अहना गुप्ता ने 26 जनवरी के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कक्षा 1 की दिव्यांशी चौधरी ने भावपूर्ण कविता पाठ किया। रूबी सदन व टोपाज सदन के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसका निर्देशन श्रीमती नूपुर अग्रवाल व श्रीमती शिवानी अनेजा ने किया।

कक्षा 8 के छात्र अश्विन यादव ने ‘सैल्यूटिंग टू द हीरोज’ कार्यक्रम के अंतर्गत परमवीर चक्र विजेता अरुण खेतरपाल के शौर्य और बलिदान पर प्रकाश डाला। कक्षा 2 की छात्रा आयजा खान ने ‘भारत की शान तिरंगा’ शीर्षक कविता का सुंदर पाठ किया। कक्षा 3 अग्नि सदन की लावण्या ने गणतंत्र दिवस पर ओजस्वी भाषण अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने ‘जय जन भारत’ और ‘वंदे मातरम्’ पर समूह गान प्रस्तुत कर भारत की विशेषताओं को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया, जिसका निर्देशन श्रीमती माला गुप्ता और क्रिस ने किया।

कक्षा 12 के छात्र अर्जित यादव की ओजस्वी कविता ने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से भर दिया। कक्षा 3 व 4 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ‘मिट्टी के बेटे जो वापस न लौटे’ ने सभी को भावुक कर दिया। यह प्रस्तुति सिम्मी आमिर की देखरेख में संपन्न हुई।

विद्यालय की उपप्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी शर्मा ने परेड की संक्षिप्त जानकारी देते हुए भारतीय सेना की आधुनिक यूनिट भैरव बटालियन के विषय में जानकारी साझा की, जिसका उद्देश्य ‘फायर टू नाइट’ बताया गया। कक्षा 8 के सैफायर हाउस और इमराल्ड हाउस के विद्यार्थियों ने ‘मेरे देश की धरती’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसका निर्देशन श्रीमती शालू तोमर, शीतल मिश्रा और गीता ने किया। ‘अतुल्य शो’ के अंतर्गत ‘जय जय हिंदुस्तान’ रैम्प शो में भारत की विविध संस्कृति और अनेकता में एकता का संदेश दिया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक श्री नीलांशु अग्रवाल ने सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता से गणतंत्र बनने तक की ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत बनने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रविंद्र भट्ट ने प्रतिभागियों, शिक्षकों और स्टाफ के सहयोग की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में कला विभाग की श्रीमती रचना यादव, श्री मनोज कुमार और अर्चना पाण्डेय का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की उद्घोषणा प्रियंशी और अशिता ने की, जबकि संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की कोऑर्डिनेटर रिधिमा थरेजा द्वारा किया गया।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!