Breaking News

बदायूं में 25 मार्च को लगेगा वृहद रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा सुनहरा मौका।

दास डिग्री कॉलेज परिसर में 15-20 कंपनियां करेंगी चयन प्रक्रिया।

बदायूं। जनपद में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। 25 मार्च 2026 को नेहरू मेमोरियल शिवनारायण दास पीजी कॉलेज परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होगा।

जिला सेवायोजन कार्यालय एवं संबंधित संस्थाओं के सहयोग से आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की 15 से 20 प्रतिष्ठित कंपनियों के शामिल होने की संभावना है, जो विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। करीब 500 से अधिक युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन स्थल पर कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन सुरक्षा, स्वच्छता और पेयजल जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मेले को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: पटियाली में पीडीए पंचायत, सपा ने 2027 में सत्ता का किया दावा।

कासगंज: पटियाली में पीडीए पंचायत, सपा ने 2027 में सत्ता का किया दावा। संवाददाता, वसीम …