Breaking News

सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन की बोगी में भड़की आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, कोई जनहानि नहीं।

सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन की बोगी में भड़की आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, कोई जनहानि नहीं।

संवाददाता, घूरेलाल कन्नौजिया 

चंदौली/सासाराम। दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल के अंतर्गत सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार की अलसुबह उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन की बोगी से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त बोगी पूरी तरह खाली थी, जिसके कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म पर अपनी रवानगी के इंतजार में खड़ी थी। इस ट्रेन को सुबह 6:45 बजे सासाराम से पटना के लिए रवाना होना था। इसी बीच ट्रेन के एक डिब्बे से अचानक काला धुआं और आग की लपटें निकलती देख स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आग की खबर फैलते ही आरपीएफ जवान, स्थानीय रेलकर्मी और सुरक्षा बल के जवान तुरंत राहत उपकरणों के साथ मौके पर दौड़ पड़े।

रेलवे अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) को सूचित किया और खुद भी स्टेशन पर मौजूद अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने के काम में जुट गए। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। रेल प्रशासन की मुस्तैदी के कारण आग को दूसरी बोगियों में फैलने से रोक लिया गया।

आरपीएफ सासाराम पोस्ट प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद प्रभावित बोगी को ट्रेन से अलग किया गया, जिसके बाद ट्रेन को सुबह 8 बजकर 4 मिनट पर गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका। फिलहाल तकनीकी टीम और रेलवे प्रशासन आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रहा है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!