Breaking News

सेफ्टी टैंक की तराई कर रहे दंपत्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, दोनों बेहोश, आरोपी गिरफ्तार।

सेफ्टी टैंक की तराई कर रहे दंपत्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, दोनों बेहोश, आरोपी गिरफ्तार।

संवाददाता, घूरेलाल कन्नौजिया 

चन्दौली। जिले के थाना चकरघट्टा अंतर्गत ग्राम गढ़वा में पुरानी रंजिश और मामूली विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी पड़ोसी ने घात लगाकर अपने ही गांव के एक दंपत्ति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए इस वीभत्स हमले में पति-पत्नी दोनों लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना की भनक लगते ही चकरघट्टा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को वारदात में प्रयुक्त आलाकत्ल (कुल्हाड़ी) के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरी घटना रविवार की शाम करीब 07:45 बजे की है, जब ग्राम गढ़वा के रहने वाले 38 वर्षीय सुनील कुमार यादव पुत्र राम दुलारे यादव अपनी पत्नी ललिता यादव के साथ मिलकर अपने घर के शौचालय के सेफ्टी टैंक की तराई कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी दुश्मनी को लेकर घात लगाए बैठे गांव के ही निवासी 40 वर्षीय सुभाष यादव पुत्र स्वर्गीय बच्चन यादव ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। धारदार हथियार के वार से चीख-पुकार मच गई और दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी (सोनभद्र) ले जाया गया, जहाँ सुनील कुमार यादव की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।

वारदात के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से मिली लिखित शिकायत के आधार पर चकरघट्टा थाने में आरोपी सुभाष यादव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसकी निशानदेही पर खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!