Breaking News

सहसवान में प्रसव के दौरान महिला की मौत, आशा व निजी क्लीनिक संचालिका पर लापरवाही के आरोप।

सहसवान में प्रसव के दौरान महिला की मौत, आशा व निजी क्लीनिक संचालिका पर लापरवाही के आरोप।

सहसवान (बदायूं)। सहसवान तहसील क्षेत्र में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने आशा वर्कर और मोहल्ला सैफुल्लागंज स्थित एक निजी क्लीनिक की महिला डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पीड़ित पति ने जॉइंट मजिस्ट्रेट से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर निवासी छोटे पुत्र ओम प्रकाश के अनुसार, वह अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर आशा वर्कर के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान पहुंचा था। पति का आरोप है कि वहां मौजूद चिकित्सकों ने पत्नी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल बदायूं ले जाने की सलाह दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद आशा वर्कर उसे जिला अस्पताल ले जाने के बजाय मोहल्ला सैफुल्लागंज स्थित एक निजी क्लीनिक पर ले गई।

पीड़ित के मुताबिक, निजी क्लीनिक पर बिना पूरी जांच किए उसकी पत्नी को बोतल और इंजेक्शन लगाए गए। कुछ समय बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। पति का आरोप है कि उसने डॉक्टर से दूसरी जगह ले जाने देने की गुहार लगाई, लेकिन सामान्य प्रसव होने की बात कहकर उसे क्लीनिक पर ही रोके रखा गया। हालत अधिक गंभीर होने पर कथित तौर पर डॉक्टर ने जवाब दे दिया और महिला की मौत हो गई।

अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई के बावजूद उठे सवाल

सहसवान क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। हाल ही में जॉइंट मजिस्ट्रेट शौर्य अरोड़ा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने स्टार हेल्थ केयर और भारत हेल्थ केयर सेंटर सहित दो अस्पतालों को सील किया था। इसके अलावा कई अन्य अस्पतालों को नोटिस भी जारी किए गए थे।

ताजा मामले के बाद एक बार फिर निजी क्लीनिकों की वैधता और उपचार व्यवस्था की जांच की मांग उठी है। पीड़ित पति ने जॉइंट मजिस्ट्रेट से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, महिला की मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Spread the love

Check Also

बिसौली में जनता रामलीला मेले का भव्य शुभारंभ, विधायक ने मुख्य द्वार बनवाने का दिया भरोसा।

बिसौली में जनता रामलीला मेले का भव्य शुभारंभ, विधायक ने मुख्य द्वार बनवाने का दिया …