Breaking News

बिसौली: बंजरिया स्कूल को स्मार्ट बनाने की तैयारी, विधायक ने की विधायक निधि से विकास की घोषणा।

बंजरिया स्कूल को स्मार्ट बनाने की तैयारी, विधायक ने की विधायक निधि से विकास की घोषणा।

आई एम खान 

बिसौली (बदायूं)। संविलियन विद्यालय बंजरिया में शुक्रवार को विनेश सक्सैना फैमिली फाउंडेशन की ओर से छात्र-छात्राओं को छाते वितरित किए गए। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू ने विद्यालय को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, शैक्षिक गीत और देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

विधायक आशुतोष मौर्य ने बताया कि विद्यालय का विकास विधायक निधि से कराया जाएगा। प्रस्तावित स्मार्ट स्कूल में स्मार्ट क्लास, आधुनिक शिक्षण उपकरणों के साथ-साथ विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश के बच्चों को भी शहरों जैसी तकनीकी सुविधाओं के साथ शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बंजरिया का यह विद्यालय सरकारी स्कूलों में आधुनिक शिक्षा के लिए उदाहरण बन सकता है।

खंड शिक्षा अधिकारी आसफपुर राजेंद्र प्रसाद ने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने तथा शैक्षिक स्तर में लगातार सुधार करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह ने अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों का आभार जताया।

इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता हरिआम पाराशरी, ब्लॉक आसफपुर प्रशासक ओम किशन, घनश्याम माहेश्वरी, विपनेश मिश्रा, प्रभाकर शर्मा, अवधेश कुमार, सरस्वती, तृप्ति सक्सैना, नेहा, सरोज, शालिनी, माला देवी, इंद्रा, ऊषा और गुड्डो सहित अभिभावक, ग्रामीण एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी। …

error: Content is protected !!