Breaking News

बदायूं: गुरु पूर्णिमा पर मातम में बदली खुशियां, पीपल के पेड़ की टहनी टूटकर ऊपर गिरने से दो महिलाओं की मौत और तीन घायल।

बदायूं: गुरु पूर्णिमा पर मातम में बदली खुशियां, पीपल के पेड़ की टहनी टूटकर ऊपर गिरने से दो महिलाओं की मौत और तीन घायल।

संवाददाता, शिवेन्द्र यादव 

बदायूं। जनपद के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ललेई गांव में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में एक धार्मिक स्थल पर पीपल के पेड़ के नीचे हवन-यज्ञ का आयोजन किया जा रहा था, इसी दौरान पेड़ की एक विशाल टहनी अचानक टूटकर वहां बैठी महिलाओं के ऊपर आ गिरी। इस वीभत्स दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के मुताबिक, हर वर्ष की भांति इस बार भी गुरु पूर्णिमा के मौके पर ग्रामीण पीपल के पेड़ के नीचे स्थित धार्मिक स्थल पर हवन-यज्ञ कर रहे थे। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं पूजा-पाठ में शामिल होकर भजन-कीर्तन कर रही थीं। शाम करीब 6:30 बजे अचानक पीपल के पेड़ की एक भारी-भरकम और पुरानी टहनी टूटकर सीधे वहां बैठी महिलाओं पर आ गिरी, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। कई महिलाएं इस अचानक हुए हादसे में टहनी के नीचे दब गईं।

दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही कुंवरगांव थाने की पुलिस और ग्रामीण तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। सभी घायलों और पीड़ितों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ललेई गांव निवासी उषा (40) पत्नी रामौतार और अमीर बानो उर्फ इमरिया (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस हादसे में घायल होने वाली महिलाओं में हर देवी (55) पत्नी मोहनलाल, श्यामा देवी (60) पत्नी भूपाल और रामलाली (50) पत्नी रामचंद्र शामिल हैं। जिला अस्पताल में इन तीनों घायल महिलाओं का इलाज चल रहा है, और चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कुंवरगांव थाना अध्यक्ष राजेश कौशिक ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह हादसा पेड़ की एक पुरानी और कमजोर टहनी के अचानक टूटने के कारण हुआ है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के शोक संतप्त परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुआ अमृत औषधि केंद्र का शुभारंभ, 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती मिलेंगी दवाइया।

बदायूं: राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुआ अमृत औषधि केंद्र का शुभारंभ, 50 से 90 प्रतिशत …

error: Content is protected !!