Breaking News

लखीमपुर: राष्ट्रीय मंच पर चमका जिले का नाम, ETV Bharat के युवा पत्रकार विनीत गुप्ता को मिला प्रतिष्ठित ’40 अंडर 40′ सम्मान।

लखीमपुर: राष्ट्रीय मंच पर चमका जिले का नाम, ETV Bharat के युवा पत्रकार विनीत गुप्ता को मिला प्रतिष्ठित ’40 अंडर 40′ सम्मान।

संवाददाता, मोहम्मद असलम 

लखीमपुर खीरी। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट और सराहनीय योगदान के लिए जिले के युवा पत्रकार एवं ETV Bharat के जिला संवाददाता विनीत कुमार गुप्ता को समाचार4मीडिया के प्रतिष्ठित ’40 अंडर 40 अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने उन्हें यह गौरवशाली सम्मान प्रदान किया। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश भर के मीडिया जगत की कई दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं।

आपको बता दें कि देश भर के हजारों पत्रकारों के बीच से 40 वर्ष से कम आयु के केवल 40 प्रतिभावान पत्रकारों को इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना जाता है। चयन प्रक्रिया एक उच्च स्तरीय जूरी पैनल द्वारा पूरी की जाती है, जिसमें पत्रकारों की जमीनी रिपोर्टिंग, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर उनके काम के प्रभाव, पेशेवर कार्यशैली और साक्षात्कार के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है।

वर्तमान में ETV Bharat में जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे विनीत कुमार गुप्ता ने लखीमपुर खीरी से कई ऐसी प्रभावशाली और जमीनी रिपोर्टिंग की हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है। उनकी प्रमुख खबरों में उत्तर प्रदेश के 40 गांवों के 4,112 ग्रामीणों पर दर्ज वन विभाग के मुकदमों से जुड़ी खोजी रिपोर्ट (इस खबर को सबसे अधिक सराहना मिली और इसके लिए ETV Bharat द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र व प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित भी किया जा चुका है), रात में पुलिस गश्त का जमीनी रियलिटी चेक, ग्रंट नंबर-12 गांव पर मंडराता अस्तित्व का बड़ा संकट, धौरहरा का आंगनबाड़ी केंद्र जो प्रदेशभर के लिए बना एक मिसाल, धौरहरा की हाट बाजार की बदहाली पर आधारित रिपोर्ट और मोतीपुर गौशाला से महिलाओं को मिला स्वरोजगार जैसी खबरें शामिल हैं।

यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने के बाद विनीत कुमार गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह लखीमपुर खीरी की जनता के अटूट विश्वास, ETV Bharat की पूरी टीम, वरिष्ठ संपादकों, माता-पिता, परिवार के सदस्यों, मित्रों और सभी शुभचिंतकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें जनहित, निष्पक्षता और पूरी तरह तथ्यपरक पत्रकारिता के मार्ग पर और अधिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी समाज से जुड़े मुद्दों और आम जनमानस की आवाज़ को पूरी ईमानदारी और निर्भीकता के साथ उठाते रहेंगे। साथ ही उन्होंने समाचार4मीडिया, जूरी पैनल और आयोजन समिति के प्रति भी गहरा आभार व्यक्त किया।

उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर जिले के अन्य पत्रकारों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है और इसे लखीमपुर खीरी जनपद के लिए गर्व का क्षण बताया है।

Spread the love

Check Also

बदायूं: राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुआ अमृत औषधि केंद्र का शुभारंभ, 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती मिलेंगी दवाइया।

बदायूं: राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुआ अमृत औषधि केंद्र का शुभारंभ, 50 से 90 प्रतिशत …

error: Content is protected !!