Breaking News

बहेड़ी: जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में छात्रों ने खोला मोर्चा, गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से शुरू हुआ हस्ताक्षर अभियान।

बहेड़ी: जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में छात्रों ने खोला मोर्चा, गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से शुरू हुआ हस्ताक्षर अभियान।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली/बहेड़ी: रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने के आदेश के खिलाफ छात्रों और विपक्षी दलों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। इस प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में समाजवादी छात्र सभा ने सोमवार को बहेड़ी से एक अनोखी मुहिम की शुरुआत करते हुए व्यापक हस्ताक्षर अभियान छेड़ दिया है। स्थानीय गन्ना उत्पादक महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ध्वस्तीकरण के आदेश के खिलाफ अपने हस्ताक्षर कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष अभिनाश मिश्रा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस हस्ताक्षर अभियान में बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अता उर रहमान विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने महाविद्यालय पहुंचकर खुद हस्ताक्षर किए और छात्रों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी तालीमी (शैक्षणिक) संस्थान पर बुलडोजर चलाना महज ईंट-पत्थर की इमारतों को गिराना नहीं है, बल्कि यह वहां पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दमनकारी नीति के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से जनमत तैयार कर सरकार तक छात्रों की आवाज मजबूती से पहुंचाई जाएगी।

समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हस्ताक्षर अभियान आगामी 30 जुलाई तक निरंतर जारी रहेगा। इस तय अवधि के दौरान विभिन्न कॉलेजों और प्रमुख शिक्षण संस्थानों में जाकर छात्र-छात्राओं से हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार से जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण आदेश पर पुनर्विचार करने और देश के शिक्षण संस्थानों को संरक्षित रखने की पुरजोर मांग करना है।

अभियान के अंत में छात्रों और आम नागरिकों से प्राप्त हजारों हस्ताक्षरों को एक ज्ञापन के रूप में महामहिम राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा, ताकि सरकार को इस मामले की जनभावनाओं से अवगत कराया जा सके।

गन्ना उत्पादक महाविद्यालय परिसर में चले इस अभियान के दौरान छात्रों का उत्साह और जोश देखते ही बनता था। छात्र नेताओं का कहना था कि शिक्षा और शिक्षण संस्थानों को बचाने की यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य की लड़ाई है, जिसे पूरी ताकत और एकजुटता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर बहेड़ी विधानसभा अध्यक्ष नासिर रजा खां सहित समाजवादी पार्टी के तमाम पदाधिकारी, स्थानीय नेता और पार्टी कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बहेड़ी: जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई रोकने की उठी जोरदार मांग, सभासदों ने एसडीएम को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन।

बहेड़ी: जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई रोकने की उठी जोरदार मांग, सभासदों ने एसडीएम …

error: Content is protected !!