Breaking News

बरेली: भोजीपुरा पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़, दो आरोपी घायल; जवाबी फायरिंग में आरक्षी भी जख्मी।

बरेली: भोजीपुरा पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़, दो आरोपी घायल; जवाबी फायरिंग में आरक्षी भी जख्मी।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में गौकशी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक आरक्षी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से एक जीवित बैल को सुरक्षित मुक्त कराकर आरोपियों के पास से अवैध हथियार और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 20-21 जुलाई की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुड़िया हाफिज के पास कुछ लोग खेत में गौवंशीय पशु को काटने की फिराक में हैं। सूचना पाकर भोजीपुरा पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस दल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुई फायरिंग में आरक्षी लक्की के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।

घायल आरोपियों की पहचान धौराटांडा निवासी दानिश और फईम के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों घायलों और जख्मी सिपाही को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान मौके से एक बैल पेड़ से बंधा हुआ मिला, जिसे समय रहते पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया। इसके साथ ही मौके से दो अवैध तमंचे, कारतूस, खोखे तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले छुरे, बांका, दांव, लकड़ी का गुटका और रस्सियां बरामद की गईं।

सीओ हाइवे देवेश सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लिए गौकशी कर मांस की तस्करी करने की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपी पहले भी गोवध निवारण अधिनियम के मामलों में वांछित रह चुके हैं। इस संबंध में भोजीपुरा थाने में बीएनएस, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा फरार चल रहे अन्य सहयोगियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

बाइट:- देवेश सिंह, सीओ हाइवे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: वैभव लॉन में हुआ डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह, जुटे सैकड़ों व्यवसायी।

बदायूं: वैभव लॉन में हुआ डिस्ट्रिक्ट टैंट वेलफेयर एसोसिएशन का जिला सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण …

error: Content is protected !!