Breaking News

बहेड़ी: जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।

38 भवनों को ध्वस्त करने के नोटिस को बताया शिक्षा विरोधी, कहा—छात्रों के भविष्य से जुड़ा है मामला।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी/बरेली: रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने संबंधी नोटिस के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी ने तहसील बहेड़ी में विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर पहुंचकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम गोपाल शर्मा एवं क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार को सौंपा और कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

ज्ञापन में सपा नेताओं ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा केंद्र है। ऐसे में भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई का नोटिस शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उनका कहना था कि इस तरह के निर्णय से छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति बनेगी और प्रदेश में शिक्षा के प्रति गलत संदेश जाएगा।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक विवादों का केंद्र नहीं बनाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि किसी प्रकार का विवाद है तो उसका समाधान कानून और न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में होना चाहिए, न कि ऐसे कदमों से जिनका सीधा असर छात्रों और शैक्षणिक गतिविधियों पर पड़े।

ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से मांग की गई कि मामले में हस्तक्षेप कर नोटिस पर पुनर्विचार कराया जाए तथा सभी पक्षों को सुनने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाए। साथ ही विश्वविद्यालय के हितों और विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की गई।

ज्ञापन सौंपने वालों में हाजी बफाउर रहमान, नासिर रज़ा खां, डॉ. ब्रह्म स्वरूप सागर, लाईक अहमद चांदनी, अखलाक अहमद नेताजी, पीर मोहम्मद, हरीश कुमार सागर, सिद्धार्थ शर्मा, इमरान रज़ा, हाशिम अली सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: बिनावर थाने के हेड कांस्टेबल पर गंभीर आरोप, समझौता न करने पर घायल महिला के पति को हवालात में बंद कर किया 151 में चालान।

बदायूं: बिनावर थाने के हेड कांस्टेबल पर गंभीर आरोप, समझौता न करने पर घायल महिला …

error: Content is protected !!